बागेश्वर में नशे के दुष्परिणामों पर विधिक जागरूकता रैली, शिविर और प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी
बागेश्वर। माननीय राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशों के क्रम में और माननीय जिला जज/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बागेश्वर, श्री पंकज तोमर के मार्गदर्शन में, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बागेश्वर, श्रीमती अनीता कुमारी ने आज दिनांक 03 अक्टूबर 2025 को पराविधिक कार्यकर्ताओं (पीएलवी), अधिकारमित्रों एवं पैनल अधिवक्तागणों की मासिक बैठक आयोजित की।
बैठक में सचिव ने उपस्थित पराविधिक कार्यकर्ताओं को माननीय सालसा (SLSA) द्वारा उपलब्ध कराए गए प्लान ऑफ एक्शन माह अक्टूबर में दिए गए दिशा-निर्देशों के आधार पर कार्य करने के लिए निर्देशित किया।
बैठक का मुख्य फोकस 05 अक्टूबर 2025 को जनपद में आयोजित होने वाले महत्वपूर्ण विधिक जागरूकता कार्यक्रमों पर रहा। सचिव ने अधिकारमित्रों को निर्देश दिया कि वे इस दिन नशे के दुष्प्रभावों एवं नशे से होने वाले दुष्परिणाम विषय पर विधिक जागरुकता रैली, शिविर, नुक्कड़ नाटक, चित्रकला और निबन्ध प्रतियोगिता का आयोजन करें। यह भी निर्देशित किया गया कि प्रत्येक विधिक जागरुकता कार्यक्रम से पहले नालसा थीम सॉन्ग अवश्य चलाया जाए।
इसके अतिरिक्त, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बागेश्वर ने सभी अधिकारमित्रों को कार्यस्थल पर महिलाओं का यौन उत्पीड़न (रोकथाम, निवारण एवं निषेध) अधिनियम, 2013 पर भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने हेतु निर्देशित किया।
