Spread the love

आरसेटी बागेश्वर में 31 दिवसीय महिला सिलाई प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ

बागेश्वर। स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) बागेश्वर द्वारा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल की गई है। आरसेटी बागेश्वर के तत्वावधान में 31 दिवसीय महिला सिलाई प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन आरसेटी निदेशक श्री सुखविंदर कादयान, मुख्यमंत्री उद्यमशाला से प्रबंधक श्री विनोद कुमार, उपाध्यक्ष आरआरसेटी श्री नरेश डाल्टियाल एवं आरसेटी डीआरसीटीओ श्रीमती देवी जी द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। यह प्रशिक्षण 07 फरवरी 2026 से आरसेटी संस्थान बागेश्वर ब्लॉक बागेश्वर में प्रारंभ किया गया है, जिसमें स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को सिलाई कार्य का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

इस अवसर पर आरसेटी निदेशक श्री सुखविंदर कादयान ने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए बताया कि ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान द्वारा बेरोजगार युवक-युवतियों एवं महिलाओं को पूर्णतः निःशुल्क प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है, जिससे वे स्वरोजगार अपनाकर अपनी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ कर सकें। उन्होंने विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं एवं ऋण योजनाओं की भी जानकारी दी, ताकि प्रशिक्षण के बाद महिलाएं अपना स्वयं का व्यवसाय शुरू कर सकें।

प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को बैंकिंग से जुड़ी जानकारी भी दी गई, साथ ही समूह के माध्यम से स्वरोजगार स्थापित कर आर्थिक रूप से मजबूत बनने के लिए प्रेरित किया गया। संस्थान द्वारा प्रशिक्षण का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया गया।

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रशिक्षणार्थियों को स्वरोजगार पथ पर आगे बढ़ने के लिए शुभकामनाएं दी गईं। इस अवसर पर आरसेटी संस्थान के फैकल्टी श्री चंद भानु सिंह सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

 


Spread the love

You missed