नगर पंचायत बोर्ड बैठक लालकुंआ
Spread the love

नगर पंचायत बोर्ड बैठक में विकास कार्यों की झड़ी, कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित

लालकुंआ।  नगर पंचायत लालकुआं में वर्ष की चौथी बोर्ड बैठक आज संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी ने की, जबकि अधिशासी अधिकारी ईश्वर सिंह रावत सहित कई कर्मचारी मौजूद रहे। जिसमें नगर की समस्याओं, विकास कार्यों और सौंदर्यीकरण की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित हुए।

सिटी फोरेस्ट पार्क के लिए स्वीकृत हुई धनराशि

बैठक में नगर के लिए एक बड़ी राहत यह रही कि सिटी फोरेस्ट पार्क के विकास हेतु आवश्यक धनराशि को स्वीकृति दे दी गई। इससे नगर में हरित क्षेत्र बढ़ाने और लोगों को मनोरंजन का एक बेहतर स्थान मिलने की उम्मीद है।

अम्बेडकर पार्क और अन्य भवनों की छत पर लगेंगे सोलर प्लांट

ऊर्जा बचत और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए बोर्ड ने अम्बेडकर पार्क सहित निकाय के अन्य भवनों की छतों पर सोलर प्लांट लगाने का प्रस्ताव पारित किया।

रैन बसेरा निर्माण को मिली मंजूरी

हाट बाजार के पास स्थित सार्वजनिक शौचालय के प्रथम तल पर रैन बसेरा निर्माण करने का प्रस्ताव भी बैठक में मंजूर किया गया। इससे यात्रियों और जरूरतमंदों को बड़ी सुविधा मिलेगी।

विद्युत समस्याओं पर SDO को दिए निर्देश

नगर में बढ़ रही बिजली समस्याओं को देखते हुए SDO लालकुंआ को बैठक में बुलाया गया और समस्याओं के समाधान के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए।

भवनकर निरस्त करने का प्रस्ताव पारित

निकाय के पुराने, जर्जर एवं अधिग्रहित भवनों पर लगाए गए भवनकर को हटाने का प्रस्ताव भी बोर्ड ने सर्वसम्मति से पारित किया।

नगर का सौंदर्यीकरण होगा और आकर्षक

नगर को और आकर्षक बनाने के लिए बोर्ड ने तय किया कि नेशनल हाईवे के डिवाइडरों पर लगे विद्युत पोलों पर तिरंगा LED लाइट लगाई जाएगी। साथ ही ओवरब्रिज पर हैंगिंग गार्डन बनाने का प्रस्ताव भी पारित किया गया।

लालकुंआ बाजार के व्यवस्थितकरण पर सहमति

भीड़ और अव्यवस्था को ध्यान में रखते हुए निर्णय लिया गया कि व्यापार मंडल तथा प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर लालकुंआ बाजार को व्यवस्थित करने की कार्ययोजना तैयार की जाएगी।

बैठक में अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी के साथ सदस्य श्रीमती नेहा आर्या, श्रीमती शबनम, श्री सुरेश साह, श्री भुवन पांडे, अधिशासी अधिकारी श्री ईश्वर सिंह रावत, तथा निकाय के कर्मचारी उपस्थित रहे।


Spread the love