ग्राम पंचायत जंगलिया गांव में विशाल भंडारे का आयोजन, पूजा-पाठ से गांव में बना धार्मिक माहौल
ओखलकांडा/नैनीताल। ग्राम पंचायत जंगलिया गांव के तोक बूढ़ा धूरा देवी एवं गुरु गोरखनाथ मंदिर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। गौरतलब है कि बीते दिनों इसी प्रकार के धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था, जिसके पश्चात ग्राम पंचायत के विभिन्न मंदिरों में नियमित रूप से पूजा-पाठ के कार्यक्रम किए जा रहे हैं।
इस धार्मिक आयोजन के अंतर्गत चना-पूरी और हलवे का भोग लगाया गया, साथ ही कन्या पूजा एवं अन्य धार्मिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक दान सिंह भंडारी एवं ओखलकांडा के ब्लॉक प्रमुख के.डी. रुबाली ने कार्यक्रम में उपस्थित रहकर ग्रामीणों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक और सामाजिक आयोजनों से गांव में नई ऊर्जा और सकारात्मक माहौल का संचार होता है।
वहीं दुग्ध संघ लालकुआं के अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज के अधिक से अधिक लोग जुड़ते हैं और आपसी भाईचारा मजबूत होता है।
जिला पंचायत सदस्य बिपिन सिंह जंतवाल ने बताया कि उनका लक्ष्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है, ताकि आम जनता को उनका सीधा लाभ मिल सके।

