हल्दुचौड़ गोला गेट पर उक्रांद का जनसंपर्क अभियान, बड़ी संख्या में लोगों ने ली सदस्यता
Spread the love

हल्दुचौड़ गोला गेट पर उक्रांद का जनसंपर्क अभियान, बड़ी संख्या में लोगों ने ली सदस्यता

हल्दुचौड़ (नैनीताल)। आज दिनांक 4 फरवरी 2026 को उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) द्वारा हल्दुचौड़ जग्गी स्थित गोला गेट पर जनसंपर्क एवं सदस्यता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला अध्यक्ष नैनीताल श्री प्रताप सिंह चौहान ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भी जिला अध्यक्ष प्रताप सिंह चौहान द्वारा की गई, जबकि मुख्य अतिथि केंद्रीय संगठन मंत्री श्री भुवन सिंह बिष्ट रहे।

इस अवसर पर कार्यक्रम संयोजक लालकुआं विधानसभा अध्यक्ष दीपक भारती रहे तथा संचालन जिला उपाध्यक्ष मोहन सिंह नेगी द्वारा किया गया। जनसंपर्क अभियान के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने उत्तराखंड क्रांति दल की सदस्यता ग्रहण की।

सभा को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष प्रताप सिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश में अब व्यवस्था परिवर्तन की लहर बन चुकी है, जो लगातार आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि बीते 25 वर्षों में सत्ता परिवर्तन तो कई बार हुआ, लेकिन जनता की मूल समस्याओं का समाधान नहीं हो पाया। इस बार क्षेत्रीय दल उत्तराखंड क्रांति दल के सत्ता में आने से वास्तविक व्यवस्था परिवर्तन होगा और जनता की समस्याओं का त्वरित निवारण सुनिश्चित किया जाएगा।

मुख्य अतिथि केंद्रीय संगठन मंत्री भुवन सिंह बिष्ट ने कहा कि उत्तराखंड क्रांति दल जन सरोकारों की लड़ाई लगातार लड़ता रहेगा और आम जनता की आवाज को सड़क से सदन तक पहुंचाया जाएगा।

कार्यक्रम का संचालन करते हुए जिला उपाध्यक्ष मोहन सिंह नेगी ने कहा कि उक्रांद जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए शुरू से संघर्ष करता आया है और यह लड़ाई आगे भी पूरी मजबूती से जारी रहेगी। वहीं लालकुआं विधानसभा अध्यक्ष दीपक भारती ने कहा कि जब तक गैरसैंण को स्थायी राजधानी नहीं बनाया जाता, तब तक उक्रांद का संघर्ष जारी रहेगा और स्थायी राजधानी बनाकर ही दम लिया जाएगा।


Spread the love