धोखाधड़ी
Spread the love

सियाचिन में तैनात जवान से 30 लाख की ठगी! मकान का सौदा कर रकम ली, फिर किसी और के नाम कर दी रजिस्ट्री

हल्द्वानी। देश की सरहद पर सियाचिन में तैनात एक फौजी के साथ हल्द्वानी में ऐसा छल हुआ, जिसने इंसानियत और भरोसे दोनों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मकान दिलाने के नाम पर 30 लाख रुपये लेने के बाद मां-बेटी ने मकान किसी और के नाम बेच दिया। जब पीड़ित जवान ने अपने पैसे वापस मांगे तो उसे धमकाया गया और मोबाइल नंबर तक ब्लॉक कर दिया गया।

मामला सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई है। हल्द्वानी कोतवाली में आरोपी मां-बेटी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

🏠 मकान का इकरारनामा, फिर खेला गया बड़ा खेल

खनस्यू क्षेत्र के ग्राम कोडार निवासी और सियाचिन में तैनात कमल चंद्र कुडाई ने पुलिस को बताया कि उन्होंने तल्ली हल्द्वानी स्थित वसुंधरा कॉलोनी में रहने वाली निर्मला सिंह से एक मकान खरीदने का सौदा किया था। 12 दिसंबर 2024 को बाकायदा इकरारनामा हुआ, जिसके अनुसार 12 अक्तूबर 2025 तक पूरी रकम दी जानी थी।

लेकिन आरोप है कि निर्मला सिंह और उनकी बेटी ज्योति मलिक ने तय समय से पहले ही 30 लाख रुपये ले लिए। देश की सेवा में तैनात जवान ने किसी तरह पैसे जुटाकर अलग-अलग किस्तों में रकम दी।

⚠️ रजिस्ट्री किसी और के नाम, मांगने पर मिली धमकी

कुछ समय बाद जब कमल चंद्र को पता चला कि जिस मकान के लिए उन्होंने लाखों रुपये दिए, उसकी रजिस्ट्री किसी और के नाम कर दी गई है, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। जानकारी लेने पर आरोपी महिला ने न सिर्फ धमकी दी बल्कि संपर्क भी पूरी तरह खत्म कर दिया।

कोतवाल विजय सिंह मेहता ने बताया कि कमल चंद्र कुडाई की तहरीर पर निर्मला सिंह और उनकी बेटी ज्योति मलिक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की गहन जांच की जा रही है।


Spread the love