कानूनगो के घर से फाइलों का जखीरा बरामद
मंडलायुक्त दीपक रावत के औचक निरीक्षण से तहसील प्रशासन में मचा हड़कंप
हल्द्वानी। मंगलवार को मंडलायुक्त कुमाऊं दीपक रावत ने हल्द्वानी तहसील में औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक व्यवस्था की हकीकत उजागर कर दी। निरीक्षण के दौरान कमिश्नर को गंभीर अनियमितताओं की जानकारी मिली, जिसके बाद उन्होंने तहसीलदार संग उजाला नगर निवासी कानूनगो अशरफ अली के घर का भी निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कानूनगो के घर से फाइलों और रजिस्टरों का बड़ा जखीरा बरामद हुआ। जांच में यह भी सामने आया कि कानूनगो कार्यालय में फाइलें रखने के बजाय घर पर ही कामकाज करते थे और मौके पर न जाकर घर से ही रिपोर्ट तैयार करते थे। आरोप है कि वह जानबूझकर फाइलों को लंबित रखते थे, जिससे कार्यों में अनावश्यक देरी होती रही।
मंडलायुक्त की इस कार्रवाई से तहसील परिसर में हड़कंप मच गया। उल्लेखनीय है कि कानूनगो अशरफ अली इससे पहले भी कई विवादों में घिर चुके हैं।
कमिश्नर ने जिलाधिकारी को इस मामले में प्रशासनिक जांच कर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इस घटना ने तहसील प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
