हाई कोर्ट में अनोखा मामला: मुस्लिम युवती ने हिंदू युवक से शादी की जताई इच्छा, कोर्ट ने सुरक्षा के दिए आदेश
नैनीताल। उत्तराखंड हाई कोर्ट में एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां एक मुस्लिम युवती ने अपनी पसंद और प्यार का हवाला देते हुए हिंदू युवक से शादी करने की इच्छा जताई। युवती ने अदालत से अपने और होने वाले पति के परिवार की सुरक्षा की मांग भी की।
युवती ने हाई कोर्ट को बताया कि उसे हिंदू धर्म बेहद पसंद है और वह बालिग है। कई सालों से जानने वाले एक हिंदू युवक से शादी करना चाहती है, जिसका परिवार साधारण और नेक है। लेकिन जब उसने इस रिश्ते की बात घर पर रखी तो परिजनों ने सख्त विरोध किया। इतना ही नहीं, युवती ने आरोप लगाया कि उसके परिवार वाले न सिर्फ शादी के खिलाफ हैं बल्कि उसे और युवक के परिवार को लगातार धमकियां भी दे रहे हैं। इसी डर के चलते युवती ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया।
मुख्य न्यायाधीश जी. नरेंद्र और न्यायमूर्ति सुभाष उपाध्याय की खंडपीठ ने मामले की सुनवाई की। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने युवती से पूछा कि उसका होने वाला पति क्या करता है। युवती ने जवाब दिया कि वह डीजे और ड्राइविंग का काम करता है। इस पर कोर्ट ने हल्के अंदाज में पूछा – “डीजे क्या होता है?” युवती इस सवाल का सटीक उत्तर नहीं दे पाई।
कोर्ट ने मुस्कुराते हुए टिप्पणी की – “आपका भविष्य उज्ज्वल है, आपको यह भी नहीं पता कि आपका पति क्या करता है।” इसके बाद खंडपीठ ने गंभीरता से मामले को लेते हुए सितारगंज थाना पुलिस को आदेश दिया कि युवती, उसके होने वाले पति और परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए।
हाई कोर्ट ने साफ किया कि युवती बालिग है और उसे अपनी पसंद से शादी करने का पूरा अधिकार है। अदालत ने पुलिस को निर्देश दिया कि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से बचाने के लिए दोनों परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
