Spread the love

जीतपुर नेगी जंगल में मिला युवक का सड़ा-गला शव, टैटू से हुई पहचान

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही साफ़ होगा मौत का कारण, आत्महत्या की जताई जा रही आशंका

हल्द्वानी। उत्तराखंड ओपन यूनिवर्सिटी के पास जीतपुर नेगी क्षेत्र के जंगल में कुछ दिन पूर्व एक अज्ञात युवक का सड़ा-गला शव मिलने से सनसनी फैल गई थी। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था और शिनाख्त के प्रयास शुरू किए थे।

अब इस युवक की पहचान हो गई है। जानकारी के अनुसार, मंगलवार को कत्था फैक्ट्री निवासी एक व्यक्ति ने मॉर्चरी में शव के हाथ पर बने ‘दीपक’ नाम के टैटू को देखकर उसकी पहचान अपने साले दीपक पुत्र दीवान सिंह के रूप में की। पुष्टि के लिए जब मृतक के कपड़े दिखाए गए, तो उस व्यक्ति ने उन्हें भी पहचान लिया।

पुलिस के मुताबिक, शव जंगल में एक पेड़ के सहारे घुटनों के बल टिके हुए अवस्था में मिला था, जो एक असामान्य स्थिति मानी जा रही है। ऐसे में प्रथम दृष्टया आत्महत्या की संभावना जताई जा रही है, हालांकि अंतिम कारण का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।

गौरतलब है कि 18 जुलाई को शुक्रवार के दिन जब पुलिस को शव की सूचना मिली, तो तलाशी के दौरान मृतक के पास से केवल एक तंबाकू रखने की डिब्बी बरामद हुई थी। शव की स्थिति अत्यंत खराब होने के कारण उसकी पहचान तत्काल नहीं हो सकी थी, जिस कारण उसे मॉर्चरी में शिनाख्त के लिए सुरक्षित रखा गया।

परिजनों के अनुसार, मृतक दीपक टीपीनगर चौकी क्षेत्र के एक कार शोरूम में धुलाई का कार्य करता था। वह पिछले रविवार से लापता था और शोरूम भी नहीं पहुंचा था, जिससे उसके परिजन चिंतित थे। जब पुलिस ने शव की पहचान हेतु अपील की, तब उसका रिश्तेदार मॉर्चरी पहुंचा।

कोतवाल राजेश कुमार यादव ने जानकारी दी कि पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूर्ण कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस अब मामले की हर पहलू से जांच कर रही है, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि यह आत्महत्या का मामला है या इसके पीछे कोई अन्य कारण भी छिपा है।


Spread the love