कालाढूंगी-हल्द्वानी स्टेट हाईवे पर दो बाइकों की भिड़ंत, युवक की मौत, तीन गंभीर घायल
कालाढूंगी। कालाढूंगी-हल्द्वानी स्टेट हाईवे पर गुलजारपुर बंकी चौराहे के पास मंगलवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया। आमने-सामने हुई दो बाइकों की जोरदार भिड़ंत में एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने यातायात सुचारू कराया और घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से सीएचसी कालाढूंगी पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने गंभीर रूप से घायलों को सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी रेफर कर दिया।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान कमल यादव उर्फ धमाल (22) पुत्र सुभाष यादव निवासी रतनपुर चकलुवा के रूप में हुई है। वह अपने पड़ोसी मित्र कमल आर्या (25) पुत्र पुष्कर राम के साथ बाइक से कालाढूंगी की ओर आ रहा था। इसी दौरान गुलजारपुर बंकी चौराहे के पास सड़क पर घास ले जा रही एक महिला को बचाने के प्रयास में उनकी बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से जा भिड़ी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक चला रहे कमल यादव का सिर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं साथी कमल आर्या सहित दूसरी बाइक पर सवार मनोज कडाकोटी (31) पुत्र रघुवर सिंह निवासी लक्ष्मी विहार शिवपुरी मुखानी, हल्द्वानी और सुषमा (31) पुत्री ललित खोलिया निवासी हाथीखाल गोरापड़ाव, हल्द्वानी गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
