एडीएम ने स्ट्रॉंग रूम और मतगणना स्थलों का किया निरीक्षण, दिए सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश
हल्द्वानी, 25 जुलाई 2025। त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन-2025 के तहत मतदान और मतगणना की तैयारियों का जायज़ा लेने के लिए अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) विवेक राय ने शुक्रवार को हल्द्वानी और कोटाबाग विकास खंडों में बनाए गए स्ट्रॉंग रूम और मतगणना स्थलों का निरीक्षण किया।

सबसे पहले एडीएम विवेक राय ने हल्द्वानी विकास खंड के लिए एच.एन. इंटर कॉलेज, रामपुर रोड स्थित स्ट्रॉंग रूम और मतगणना स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने पर बल देते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्ट्रॉंग रूम में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम होने चाहिए और सीसीटीवी कैमरों की पर्याप्त व्यवस्था अनिवार्य है।
अपर जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि हल्द्वानी विकास खंड की सभी मतदान पार्टियां 27 जुलाई 2025 की सुबह अपने-अपने मतदेय स्थलों के लिए रवाना होंगी। मतदान उपरांत सभी मतपेटियां सुरक्षित रूप से स्ट्रॉंग रूम में रखी जाएंगी। मतगणना 31 जुलाई को प्रस्तावित है, जिसके लिए 28 टेबल लगाई जाएंगी।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि स्ट्रॉंग रूम की सुरक्षा व्यवस्था में कोई चूक न हो और मतदान एवं मतगणना से जुड़ी सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय पर पूरी कर ली जाएं।
इसके पश्चात एडीएम विवेक राय ने कोटाबाग विकास खंड के लिए बनाए गए राजकीय इंटर कॉलेज कोटाबाग स्थित स्ट्रॉंग रूम और मतगणना स्थल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि स्थल की व्यवस्थाएं निर्वाचन आयोग के मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं।
निरीक्षण के दौरान एसपी सिटी हल्द्वानी, निर्वाचन अधिकारी दिनेश सिंह रावत, खंड विकास अधिकारी तनवीर असगर, सहायक अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण सेवा महेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
