कैंची धाम
Spread the love

कैंची धाम क्षेत्र में बाहरी लोगों द्वारा जमीन खरीदकर व्यवसाय करने पर प्रशासन सख्त, सात लोग उल्लंघन में पाए गए

भवाली। कैंची धाम क्षेत्र में बाहरी व्यक्तियों द्वारा भूमि खरीदकर होटल और होमस्टे जैसे व्यावसायिक गतिविधियां संचालित करने के मामले बढ़ते जा रहे हैं। इस पर जिला प्रशासन ने अब कड़ा रुख अपनाते हुए व्यापक स्तर पर जांच और चिन्हीकरण की कार्रवाई शुरू कर दी है।

जिलाधिकारी के निर्देश पर कैंची तहसील प्रशासन द्वारा हाल ही में अभियान चलाया गया, जिसमें बाहरी लोगों द्वारा खरीदी गई जमीनों की जांच की गई। प्रशासन की प्राथमिक जांच में पाया गया कि कई लोगों ने भूमि खरीदकर उसे व्यावसायिक प्रयोजनों के लिए उपयोग में लिया है, जबकि यह भू-अध्यादेश के प्रावधानों का स्पष्ट उल्लंघन है।

कैंची धाम की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है, जिसके चलते क्षेत्र में जमीनों के दाम आसमान छूने लगे हैं। यही कारण है कि बाहरी क्षेत्रों के निवेशक बड़े पैमाने पर जमीन खरीद रहे हैं और वहां होटल, होम स्टे व अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान खोलकर कारोबार कर रहे हैं। यह प्रवृत्ति स्थानीय भू-अध्यादेश और नियमों के विरुद्ध है।

पटवारी रवि पांडे ने बताया कि जांच में पाया गया कि कई बाहरी व्यक्तियों ने भूमि खरीदने का उद्देश्य कृषि या निवास बताया, लेकिन वास्तविकता में वह जमीन का उपयोग व्यावसायिक गतिविधियों के लिए कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध नियमों के अनुसार कार्रवाई की जा रही है।

एसडीएम मोनिका ने बताया कि अब तक सात लोग नियमों का उल्लंघन करते पाए गए हैं। कुछ मामलों में पहले से ही कोर्ट में मुकदमे लंबित हैं, जबकि अन्य की अनुमतियाँ निरस्त करने की प्रक्रिया तेजी से चल रही है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और किसी भी अनियमित गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

प्रशासन का कहना है कि बाहरी व्यक्तियों द्वारा अनियंत्रित भूमि खरीद और व्यावसायिक दबदबा बढ़ने से स्थानीय लोगों के हित प्रभावित हो रहे हैं। इसलिए नियमों का पालन सुनिश्चित करना और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाना अनिवार्य है।


Spread the love