कमरे की बुकिंगकर किया सील
Spread the love

बिना पंजीकरण चल रहे होटल पर प्रशासन की सख्ती, SDM ने ग्राहक बनकर की जांच, होटल सील

मुक्तेश्वर (नैनीताल)। पर्यटन नगरी मुक्तेश्वर में बिना पंजीकरण संचालित हो रहे होटलों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। सोमवार को उपजिलाधिकारी (एसडीएम) धारी अंशुल भट्ट ने औचक कार्रवाई करते हुए खुद ग्राहक बनकर एक होटल की जांच की और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर होटल को तत्काल सील कर दिया।

जानकारी के अनुसार, भटेलिया क्षेत्र में स्थित उक्त होटल का पर्यटन विभाग में कोई पंजीकरण नहीं था, इसके बावजूद वहां धड़ल्ले से कमरों की बुकिंग की जा रही थी। एसडीएम अंशुल भट्ट ने सामान्य पर्यटक की तरह होटल पहुंचकर कमरा मांगा, जिस पर होटल कर्मचारियों ने न केवल कमरा दिखाया बल्कि बुकिंग की प्रक्रिया भी पूरी कर दी।

इसके बाद एसडीएम ने अपनी पहचान उजागर करते हुए मौके पर ही होटल को सील करने के निर्देश दिए। होटल संचालक को बिना रजिस्ट्रेशन होटल संचालन को लेकर कड़ी चेतावनी दी गई और दोबारा नियमों के उल्लंघन पर सख्त कानूनी कार्रवाई की बात कही गई।

एसडीएम अंशुल भट्ट ने बताया कि संबंधित होटल के खिलाफ पहले भी पर्यटन विभाग द्वारा दो बार चालान किया जा चुका है, बावजूद इसके होटल का संचालन जारी रखा गया, जो गंभीर लापरवाही का मामला है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि पर्यटन क्षेत्र में नियमों का पालन अनिवार्य है और किसी भी कीमत पर नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आने वाले दिनों में क्षेत्र के अन्य होटलों और होम-स्टे में भी औचक निरीक्षण अभियान चलाया जाएगा। बिना पंजीकरण संचालित पाए जाने वाले होटल या होम-स्टे पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


Spread the love