प्रशासनिक सख्ती: सीडीओ ने किया औचक निरीक्षण, उपस्थिति और स्वच्छता पर कड़ा रुख
(संवाददाता: सीमा खेतवाल)

बागेश्वर, 3 अक्टूबर 2025-मुख्य विकास अधिकारी (CDO) आर.सी. तिवारी ने आज विकास भवन बागेश्वर में विभिन्न विभागीय कार्यालयों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्था सुधारने के लिए कड़ा संदेश दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उपस्थिति और स्वच्छता के मामले में किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान कई विभागों में अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति अपूर्ण पाई गई। इसके साथ ही, कई स्थानों पर कार्यालयीय अभिलेख और सामग्री भी अव्यवस्थित मिली।
सीडीओ तिवारी ने जिला विकास कार्यालय, समाज कल्याण विभाग, वित्त एवं लेखा विभाग, ग्रामीण विकास, कृषि, उद्यान, पशुपालन, मछली पालन, डेयरी, ग्रामीण निर्माण विभाग, सहकारिता, उरेड़ा, पंचायतीराज, महिला सशक्तिकरण, युवा कल्याण, जल संस्थान, सेवायोजन, होम्योपैथिक तथा अन्य कार्यालयों में ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए कर्मचारियों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
उन्होंने अनुपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों से स्पष्टीकरण प्राप्त करने और अगले आदेशों तक उनके वेतन आहरण (Salary Withdrawal) पर रोक लगाने के निर्देश दिए।
मुख्य विकास अधिकारी ने सभी विभागाध्यक्षों को कड़े निर्देश दिए हैं कि वे कार्यालयों में बायोमेट्रिक मशीन से उपस्थिति दर्ज कराना सुनिश्चित करें और अनुपस्थित कार्मिकों का पूरा विवरण उपलब्ध कराएँ।
इसके अलावा, सभी विभागीय प्रभारियों को यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि कार्यालय में अव्यवस्थित पाई गई सामग्री को शीघ्र व्यवस्थित किया जाए और परिसर के साथ-साथ शौचालयों की भी नियमित साफ-सफाई की जाए।
सीडीओ ने विभागाध्यक्षों और कर्मचारियों को चेतावनी देते हुए कहा है कि भविष्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि कार्यालयों की स्वच्छता, अभिलेखों का सुव्यवस्थित रख-रखाव और समय पर उपस्थिति शासन की प्राथमिकता है, जिसका सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
