बिंदुखत्ता में युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, वायरल वीडियो के बाद बढ़ा था मानसिक तनाव—परिजनों का आरोप
👉 देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें


हल्द्वानी/लालकुआं। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के बाद मानसिक तनाव में आए एक युवक की जहरीला पदार्थ खाने से मौत का मामला सामने आया है। रावतनगर व हनुमान मंदिर खुरियाखत्ता क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। परिजनों ने वायरल वीडियो को घटना से जोड़ते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
मृतक की पहचान रावतनगर, बिंदुखत्ता निवासी 30 वर्षीय दीपक सिंह मेहता उर्फ होगरी पाल के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, कुछ दिन पहले गांव की कुछ महिलाओं ने दीपक को रास्ते में रोककर उसकी स्कूटी की तलाशी ली थी, जिसमें कथित रूप से शराब बरामद होने की बात सामने आई। इस दौरान घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया।
परिजनों का आरोप है कि वीडियो वायरल होने के बाद दीपक गहरे मानसिक तनाव में चला गया था। उसने लोगों से मिलना-जुलना कम कर दिया था और लगातार तनाव में रह रहा था। मृतक के भाई परवीन सिंह मेहता का कहना है कि यदि किसी को संदेह था तो मामला पुलिस के सुपुर्द किया जाना चाहिए था, लेकिन वीडियो वायरल कर उसकी सामाजिक छवि को नुकसान पहुंचाया गया।
परिवार के मुताबिक, घटना वाले दिन दीपक अपने जीजा के साथ करीब दो घंटे तक बैठा रहा। इसके बाद वह घर से निकला और करीब तीन किलोमीटर दूर शीशम भुजिया स्थित एक प्राथमिक विद्यालय परिसर पहुंचा, जहां उसने जहरीला पदार्थ (सल्फास) का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। हालांकि मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे घटना के कारणों को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाई है।
घटना के बाद परिजनों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। महिलाओं द्वारा पहले भी इसके खिलाफ कई बार विरोध प्रदर्शन किया जा चुका है।
दीपक अपने परिवार के सबसे बड़े सदस्य थे और अपने पीछे दो बेटियां व तीन माह का एक बेटा छोड़ गए हैं। इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
👉 देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें

