सार्वजनिक मंच पर अपमान का आरोप, कांग्रेस के अंदरूनी कलह ने पकड़ा तूल
हल्द्वानी/देहरादून। कांग्रेस पार्टी के राजभवन घेराव कार्यक्रम के दौरान कथित अभद्र व्यवहार और जातिसूचक टिप्पणी को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। हल्द्वानी की वरिष्ठ कांग्रेस नेता राधा आर्या ने महिला कांग्रेस की एक पदाधिकारी पर सार्वजनिक रूप से अपमानित करने और जातिसूचक शब्दों के प्रयोग का गंभीर आरोप लगाया है।
राधा आर्या ने इस प्रकरण को अत्यंत गंभीर बताते हुए संबंधित पदाधिकारी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने अनुसूचित जाति एवं जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करने का अनुरोध किया है। साथ ही उन्होंने कहा है कि वह मामले की जांच में पूर्ण सहयोग देंगी।
जानकारी के अनुसार, 16 फरवरी को देहरादून स्थित राजभवन के बाहर कांग्रेस द्वारा आयोजित विरोध कार्यक्रम के दौरान यह विवाद हुआ। राधा आर्या का आरोप है कि कार्यक्रम स्थल पर महिला कांग्रेस की महानगर अध्यक्ष मधु सांगुड़ी ने सार्वजनिक रूप से कथित तौर पर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया, जिससे उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची और उन्हें मानसिक आघात सहना पड़ा।
राधा आर्या समन्वय राजीव गांधी पंचायत राज संगठन महानगर हल्द्वानी की पदाधिकारी हैं। वह पूर्व में उत्तराखंड युवा कांग्रेस की उपाध्यक्ष और प्रदेश महासचिव रह चुकी हैं, साथ ही नगर निगम हल्द्वानी काठगोदाम में पार्षद का दायित्व भी निभा चुकी हैं।
मामले के सार्वजनिक होने के बाद स्थानीय राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, आरोपों पर अभी तक संबंधित पक्ष की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। प्रशासन का कहना है कि यदि औपचारिक शिकायत प्राप्त होती है तो नियमानुसार जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

