विधायक ने भाई की मौत को लेकर जताई साजिश की आशंका
Spread the love

अल्मोड़ा: विधायक ने भाई की मौत को लेकर जताई साजिश की आशंका, सोशल मीडिया पोस्ट को बताया संदिग्ध साजिश

अल्मोड़ा। रानीखेत के विधायक प्रमोद नैनवाल ने अपने भाई और ब्लॉक प्रमुख सतीश नैनवाल की असामयिक मौत को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि मौत से पहले सोशल मीडिया पर डाली गई कुछ आपत्तिजनक पोस्ट इस पूरे मामले को संदिग्ध बनाती हैं।

विधायक ने भतरौंजखान थाने में तहरीर देकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

तहरीर के अनुसार, सुरेंद्र सिंह रावत, महेंद्र सिंह रावत, अनुज जोशी और वीर सिंह समेत अन्य लोगों द्वारा सोशल मीडिया पर की गई पोस्टों में ऐसी भाषा और संकेत हैं, जिनसे यह प्रतीत होता है कि जानबूझकर मानसिक दबाव बनाया गया और सामाजिक छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई।

विधायक का कहना है कि इन पोस्टों के कुछ समय बाद ही उनके भाई की मौत होना संदेह को और गहरा करता है। उन्होंने आशंका जताई है कि इस पूरे घटनाक्रम के पीछे कोई षड्यंत्र या आपराधिक मंशा भी हो सकती है।

इसके साथ ही विधायक ने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित लोग उनके खिलाफ भी सोशल मीडिया पर अपमानजनक टिप्पणियां और धमकियां दे रहे हैं। तहरीर में उन्होंने स्पष्ट कहा है कि यदि उनके साथ कोई अनहोनी होती है तो इसकी जिम्मेदारी नामित व्यक्तियों की होगी।

वहीं, एसओ अवनीश कुमार ने बताया कि मामले में बीएनएस और आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।

👉 देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें


Spread the love