Spread the love

हल्द्वानी में कोतवाल के खिलाफ गुस्सा उफना, तीन दिन का अल्टीमेटम—नहीं हुई कार्रवाई तो राज्यव्यापी आंदोलन

हल्द्वानी। 08 अगस्त 2025 की घटना को लेकर हल्द्वानी में कोतवाल के खिलाफ लोगों का आक्रोश चरम पर है। पहाड़ी आर्मी के जिला अध्यक्ष मोहन कांडपाल के नेतृत्व में रविवार को प्रदर्शनकारियों ने कोतवाल का पुतला दहन किया। इस विरोध में दर्जनों महिलाएं भी शामिल रहीं।

मामला ज्योति मेऱ और मासूम अमित हत्याकांड से जुड़ा है। आरोप है कि घटना की जानकारी और न्याय की मांग के लिए एसएसपी से मिलने गए पहाड़ी आर्मी के संस्थापक अध्यक्ष हरीश रावत और पीड़ित परिजनों के साथ कोतवाल ने अभद्र व्यवहार किया। आरोप है कि कोतवाल ने उन्हें अपराधी की तरह कॉलर पकड़कर घसीटा। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों में भारी नाराज़गी फैल गई।

प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि तीन दिन के भीतर कोतवाल को बर्खास्त कर कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन राज्यव्यापी रूप लेगा।

जिला अध्यक्ष मोहन कांडपाल ने कहा कि पुलिस जनता की सुरक्षा के लिए है, न कि उनके साथ बदसलूकी करने के लिए। यह लड़ाई केवल व्यक्तिगत सम्मान की नहीं, बल्कि पहाड़ की अस्मिता और जनता के अधिकारों की है। उन्होंने कहा कि प्रशासन को जनता के विश्वास को बनाए रखने के लिए तुरंत कार्रवाई करनी होगी।

प्रदर्शन के दौरान जिला महामंत्री राजेंद्र कांडपाल, जिला प्रभारी हिमांशु शर्मा, सूबेदार मेजर दिनेश जोशी, फौजी कमलेश जेठी, युवा नगर अध्यक्ष विनोद नेगी, सतीश फुलारा, दीपा पांडे, इंजीनियर गोकुल मेहरा, हिमांशु जोशी, दीपक चंद गोस्वामी, कैलाश डाला कोठी, विजय भंडारी, एडवोकेट नवीन चंद तिवारी, पवन सिंह जाला, प्रेम मेर, मुन्नी देवी, गीता बिष्ट, रुचि भंडारी, हरेंद्र राणा, कल्पना चौहान, लोकेश कंवल, त्रिलोक सिंह मटियाली, धन सिंह सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Spread the love