सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर हल्द्वानी में ‘सरदार@150 यूनिटी मार्च’ की घोषणा
हल्द्वानी, 29 अक्टूबर: हल्द्वानी नगर निगम सभागार में बुधवार को मेयर गजराज बिष्ट और प्रशासनिक अधिकारियों ने संयुक्त रूप से प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर ‘सरदार@150 यूनिटी मार्च’ की घोषणा की। यह आयोजन सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती को समर्पित है और इसे केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के निर्देशन में देशभर में संचालित किया जा रहा है।
मेयर गजराज बिष्ट ने बताया कि यह सिर्फ एक पदयात्रा नहीं, बल्कि राष्ट्र चेतना और जन-जागरूकता को बढ़ाने वाला व्यापक अभियान होगा। उन्होंने कहा कि यह अभियान युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का एक सशक्त माध्यम बनेगा।
केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया द्वारा इस कार्यक्रम की डिजिटल शुरुआत 6 अक्टूबर को की जा चुकी है। देशभर में युवा बड़ी संख्या में सोशल मीडिया रील प्रतियोगिता, निबंध लेखन, और Young Leaders Program जैसी गतिविधियों में भाग ले रहे हैं। इन सभी कार्यक्रमों में भागीदारी के लिए पंजीकरण MY Bharat पोर्टल के माध्यम से किया जाएगा।
जिला स्तरीय चरण के अंतर्गत 31 अक्टूबर से 25 नवंबर तक गाँव-गाँव और गली-गली पदयात्राएँ निकाली जाएँगी। इन यात्राओं में योग शिविर, वाद-विवाद प्रतियोगिता, व्याख्यान सत्र और नशामुक्ति अभियान जैसी गतिविधियाँ आयोजित की जाएँगी।
इसके साथ ही मोदी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रदर्शनी और स्वच्छता अभियान भी इन यात्राओं के रूट पर चलाए जाएँगे।
इन कार्यक्रमों में NCC, NSS, MY Bharat के सदस्य, तथा स्कूल और कॉलेजों के छात्र-छात्राएँ सक्रिय रूप से भाग लेंगे।
अभियान के अंतिम चरण में, 26 नवंबर (संविधान दिवस) को हर जिले से चयनित पदयात्री सरदार पटेल की जन्मभूमि करमसद से लेकर Statue of Unity, केवड़िया तक 152 किलोमीटर की ऐतिहासिक यात्रा में शामिल होंगे।
मेयर बिष्ट ने कहा, “यह अभियान युवाओं को राष्ट्र निर्माण की दिशा में प्रेरित करेगा। शहर में सभी तैयारियाँ पूरी हैं और इसे जनभागीदारी का एक बड़ा उत्सव बनाया जाएगा।”
मुख्य विकास अधिकारी अनामिका ने बताया कि स्कूल और कॉलेजों में प्री-इवेंट गतिविधियाँ शुरू की जा रही हैं ताकि हर आयु वर्ग को इस अभियान से जोड़ा जा सके।
यह ‘यूनिटी मार्च’ क्षेत्र में ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को और मजबूत करेगा।
साथ ही मीडिया से अपील की गई कि वे इस ऐतिहासिक कार्यक्रम को अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचाने में सहयोग करें।
