अटरिया माता मंदिर चोरी कांड का खुलासा: पंतनगर पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार, 8108 रुपये बरामद
उधम सिंह नगर में पंतनगर पुलिस ने अटरिया माता मंदिर में हुई चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई नकदी भी बरामद कर ली गई है।
जानकारी के अनुसार 26 फरवरी 2026 को वादी पंकज गौड़ पुत्र नन्हे बाबू शर्मा निवासी रम्पुरा, कोतवाली रुद्रपुर ने पंतनगर कोतवाली में तहरीर देकर बताया था कि अटरिया माता मंदिर में रखे छह दान पात्रों को अज्ञात चोरों ने तोड़कर उनमें रखी नकदी चोरी कर ली है। इस मामले में कोतवाली पंतनगर में एफआईआर संख्या 30/2026, धारा 305(D) बीएनएस के तहत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उधम सिंह नगर अजय गणपति के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक अपराध, पुलिस अधीक्षक रुद्रपुर और क्षेत्राधिकारी पंतनगर के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष पंतनगर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्धों की पहचान के लिए सुरागरसी-पतारसी शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि 26 फरवरी को दो अज्ञात युवकों ने मंदिर में घुसकर दान पात्र तोड़कर नकदी चोरी की थी। इसके बाद पुलिस ने लगातार प्रयास करते हुए 6 मार्च 2026 को इस घटना में शामिल एक आरोपी राम किशन उर्फ किशन (18 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी राम किशन उर्फ किशन पुत्र स्वर्गीय कप्तान सिंह, निवासी तीन पानी डैम, चौहान मार्ट के ऊपर, कोतवाली ट्रांजिट कैंप, जिला उधम सिंह नगर का रहने वाला है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 8108 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त भगवा रंग के कपड़े का एक टुकड़ा भी बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अब इस मामले में शामिल दूसरे आरोपी की तलाश भी कर रही है।
👉 देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें
