अवैध खनन के ऑडियो से मचा हड़कंप! CM धामी का बड़ा एक्शन, हरिद्वार की पूरी पुलिस चौकी सस्पेंड
देहरादून/हरिद्वार। उत्तराखंड में अवैध खनन को लेकर बड़ा बवाल सामने आया है। हरिद्वार के इकबालपुर इलाके से अवैध खनन से जुड़ा एक कथित ऑडियो वायरल होने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई कर दी। सीएम के निर्देश पर इकबालपुर पुलिस चौकी में तैनात पूरे स्टाफ को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक अवैध खनन से जुड़े मामले में कुछ पुलिसकर्मियों की भूमिका संदिग्ध बताई जा रही थी। मामला सामने आते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) हरिद्वार ने कड़ा कदम उठाते हुए चौकी प्रभारी समेत चौकी में तैनात सभी छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया।
निलंबित किए गए पुलिसकर्मियों में उपनिरीक्षक नवीन सिंह चौहान (चौकी प्रभारी इकबालपुर), हेड कांस्टेबल वीरेंद्र शर्मा, हेड कांस्टेबल हरेंद्र, कांस्टेबल विपिन कुमार, कांस्टेबल देवेश सिंह और कांस्टेबल प्रदीप शामिल हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पूरे प्रकरण की जांच एसपी देहात हरिद्वार को सौंप दी गई है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने साफ कहा है कि उत्तराखंड में अवैध खनन, भ्रष्टाचार और किसी भी प्रकार की अनियमितता के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था संभालने वाले अधिकारी और कर्मचारी यदि खुद ही नियमों को ताक पर रखते पाए गए तो उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई तय है।
सीएम धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इस मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
