Spread the love

करवाचौथ की खरीददारी के दौरान बुआ-भतीजी चोर गैंग गिरफ्तार, पुलिस ने 2 घंटे में किया पर्दाफाश

हल्द्वानी। करवाचौथ की खरीददारी के दौरान महिलाओं के पर्स चोरी करने वाली बुआ-भतीजी महिला चोर गैंग को पुलिस ने मात्र दो घंटे में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों के कब्जे से चोरी का पर्स, नकदी और अन्य सामान बरामद किया है। दोनों महिलाओं ने त्योहारी सीजन में बाजारों में भीड़ के दौरान चोरी की कई घटनाओं को अंजाम देने की बात कबूल की है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल श्री प्रहलाद नारायण मीणा द्वारा जिलेभर में चोरी की घटनाओं की रोकथाम एवं शीघ्र अनावरण के लिए सभी थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में एसपी सिटी प्रकाश चन्द्र, सीओ नितिन लोहनी के पर्यवेक्षण तथा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमर चंद शर्मा के नेतृत्व में चौकी मंगलपड़ाव पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई कर सफलता हासिल की।

दिनांक 09 अक्टूबर 2025 को सुशीला आर्या निवासी दमुवाढूंगा ने पुलिस को तहरीर दी कि वह करवाचौथ की खरीददारी के लिए साहुकारा लाइन बाजार, मंगलपड़ाव पहुंची थी। खरीददारी के दौरान दो महिलाओं ने उसके कपड़े के थैले से पर्स चोरी कर लिया, जिसमें ₹3000 नकद, एक आधार कार्ड, एटीएम कार्ड और अन्य दस्तावेज थे।

तहरीर पर थाना हल्द्वानी में एफआईआर दर्ज कर जांच चौकी प्रभारी मंगलपड़ाव उपनिरीक्षक गौरव जोशी को सौंपी गई। पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और कंट्रोल रूम प्रभारी उपनिरीक्षक जितेंद्र सिंह की मदद से संदिग्ध महिलाओं की पहचान की।

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने सिंधी चौक, हल्द्वानी के पास दोनों महिलाओं को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से चोरी किया गया पर्स, ₹3000 नकद, आधार कार्ड और एटीएम कार्ड बरामद हुआ। पूछताछ में दोनों ने अपने नाम मिथलेश (24 वर्ष) पत्नी सुरेंद्र, निवासी पूनापुर बिसलपुर रोड, बरेली (उत्तर प्रदेश) और मीना पत्नी रामकिशोर, निवासी ट्रांजिट कैंप रुद्रपुर (मूल निवासी ग्राम चौखंडी, बरेली) बताए।

पुलिस पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे त्योहारी सीजन में हल्द्वानी सहित अन्य बाजारों में महिलाओं के बीच भीड़ का फायदा उठाकर पर्स व ज्वेलरी चोरी करती हैं। पहले एक महिला शिकार के आसपास उलझाने का काम करती है जबकि दूसरी मौका देखकर चोरी कर लेती है। दोनों रिश्ते में बुआ और भतीजी हैं।

पुलिस ने बरामदगी के बाद दोनों महिलाओं को धारा 303(2), 317(2) एवं 3(5) भा.न्या.सं. के अंतर्गत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।


Spread the love