Spread the love

दीपावली से पहले हल्द्वानी में मिलावटखोरी पर बड़ी कार्रवाई — तीन अवैध फैक्ट्रियां सील, जहरीले पदार्थों के उपयोग की आशंका

सिटी मजिस्ट्रेट और नगर आयुक्त के नेतृत्व में छापेमारी, अस्वच्छ माहौल में बन रहे थे खील, बताशे और खिलौने — सैंपल जांच के लिए भेजे गए

हल्द्वानी। दीपावली पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता को लेकर प्रशासन सतर्क हो गया है। इसी क्रम में प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम ने शहर में अवैध खाद्य उत्पाद निर्माण इकाइयों पर बड़ी कार्रवाई की है।

अभियान के तहत सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल चौहान, एसडीएम राहुल शाह, नगर आयुक्त ऋचा सिंह और तहसीलदार कुलदीप पांडे के नेतृत्व में गुरुवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी की गई। टीम ने अब्दुल्ला बिल्डिंग, गांधी नगर और बनभूलपुरा थाना क्षेत्र के पीछे स्थित तीन अवैध फैक्ट्रियों को सील कर दिया।

निरीक्षण के दौरान पाया गया कि इन फैक्ट्रियों में गंदगी और अस्वच्छ वातावरण में खील, बताशे और बच्चों के खिलौने तैयार किए जा रहे थे। प्रारंभिक जांच में रासायनिक और जहरीले पदार्थों के उपयोग की आशंका जताई गई है।

अधिकारियों ने बताया कि उत्पादों के नमूने फूड एंड सेफ्टी डिपार्टमेंट को प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद संबंधित फैक्ट्री संचालकों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दीपावली के दौरान किसी भी प्रकार की मिलावटखोरी, अवैध उत्पादन या घटिया सामग्री तैयार करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम और प्रशासन की संयुक्त टीमें अगले कुछ दिनों तक सघन जांच अभियान जारी रखेंगी।


Spread the love