बड़ा फैसला: नैनीताल में 6 नई गौशालाएं बनेंगी, निराश्रित गोवंश के लिए एक्शन मोड में प्रशासन
हल्द्वानी। जिले में निराश्रित गोवंश की बढ़ती समस्या को देखते हुए प्रशासन अब एक्शन मोड में नजर आ रहा है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में कैम्प कार्यालय हल्द्वानी में आयोजित जिला स्तरीय गौशाला स्थापना एवं संचालन अनुश्रवण प्रबंधन समिति की बैठक में कई अहम फैसले लिए गए।
बैठक में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में 6 नई गौशालाओं की स्थापना को मंजूरी दी गई। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि शीघ्र भूमि चयन कर विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) और आगणन तैयार करते हुए निर्माण कार्य तेजी से शुरू किया जाए।
इसके अलावा मालधन चौड़, गोलापार और कैंचीधाम क्षेत्र में प्रस्तावित तीन गौशालाओं की DPR तैयार कर जिला खनिज न्यास निधि (DMF) से बजट आवंटन की स्वीकृति भी प्रदान की गई। जिलाधिकारी ने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को जल्द प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान जिला पंचायत द्वारा अब तक कैचर लिफ्टिंग वाहन नहीं खरीदे जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत को तत्काल कार्रवाई के निर्देश देते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों से निराश्रित पशुओं को जल्द से जल्द गौशालाओं तक पहुंचाया जाए।
भूमि चयन को लेकर भी अहम निर्देश दिए गए—
- गौलापार में बड़ी गौशाला के लिए एसडीएम हल्द्वानी को भूमि चयन
- भीमताल में गौशाला के लिए एसडीएम नैनीताल को जिम्मेदारी
- खैरना (कैंचीधाम) क्षेत्र में गौशाला के लिए एसडीएम को निर्देश
साथ ही नगर निकायों और जिला पंचायत को आपसी समन्वय से तेजी से प्रस्ताव तैयार कर निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए।गौलापार, भीमताल और कैंचीधाम में बनने वाली गौशालाओं के लिए संबंधित नगर निकायों को कार्यदायी संस्था भी नामित किया गया है।
जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि निराश्रित गोवंश को गौशालाओं तक पहुंचाने के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) तैयार की जाए और स्थानीय लोगों को प्रशिक्षण देकर इस कार्य में शामिल किया जाए।
इसके अलावा गौशालाओं के संचालन के लिए जल्द विज्ञप्ति जारी करने और सभी प्रस्तावों को शासन तक भेजने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि सरकार की पशु कल्याण योजनाओं की जानकारी जनप्रतिनिधियों और आम जनता तक पहुंचाना भी जरूरी है।
बैठक में मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. के.सी. जोशी, नगर आयुक्त परितोष वर्मा, एसडीएम नवाजिश खालिक समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



