Spread the love

दुग्ध उत्पादकों को बड़ी सौगात: 15 अप्रैल से दूध के दाम में 2 रुपये प्रति लीटर बढ़ोतरी

लालकुआँ। नैनीताल आँचल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के प्रशासनिक भवन प्रांगण में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस और प्रबंध कमेटी के दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में दुग्ध उत्पादक, महिलाएं और स्थानीय लोग कार्यक्रम में शामिल हुए।

कार्यक्रम में स्वच्छ दूध उत्पादन गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें दुग्ध उत्पादकों को स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण दूध उत्पादन के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही जिला योजना के अंतर्गत दुग्ध उत्पादकों को आर्थिक सहायता के चेक भी वितरित किए गए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य दीपा दरमवाल मौजूद रहीं।

इस अवसर पर दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा और संचालक मंडल के सदस्यों का पुष्पगुच्छ और माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। समारोह में करीब 826 से अधिक दुग्ध उत्पादकों और महिलाओं की उपस्थिति रही, जिससे कार्यक्रम स्थल पर उत्साह का माहौल बना रहा।

कार्यक्रम के दौरान अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर दुग्ध व्यवसाय से जुड़ी महिलाओं को सम्मानित किया गया। महिला डेयरी विकास योजना के तहत हरिपुर कुंवर सिंह आनंदपुर तोक, हल्द्वानी की हिमानी देवी को प्रथम स्थान पर 25 हजार रुपये, पुष्पा देवी को द्वितीय स्थान पर 15 हजार रुपये और दीपा देवी को तृतीय स्थान पर 10 हजार रुपये का चेक प्रदान किया गया।

बताया गया कि हिमानी देवी प्रतिदिन लगभग 500 लीटर, पुष्पा देवी 350 लीटर और दीपा देवी 250 लीटर दूध नैनीताल दुग्ध संघ को आपूर्ति करती हैं।

इस मौके पर दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा ने दुग्ध उत्पादकों को बड़ी राहत देते हुए घोषणा की कि 15 अप्रैल से दूध के मूल्य में 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की जाएगी। उन्होंने कहा कि दुग्ध संघ का उद्देश्य किसानों और पशुपालकों की आय बढ़ाना तथा दुग्ध व्यवसाय को मजबूत बनाना है।

उन्होंने बताया कि पिछले वर्षों में दुग्ध संघ द्वारा किसानों के हित में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं और आगे भी दुग्ध उत्पादन बढ़ाने तथा सहकारिता व्यवस्था को मजबूत करने के प्रयास जारी रहेंगे।

कार्यक्रम का संचालन प्रशासन एवं विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी ने किया। इस दौरान डेयरी विकास विभाग के उपनिदेशक संजय उपाध्याय, यूसीडीएफ के आरएम तिवारी, संचालक मंडल सदस्य कृष्ण कुमार शर्मा, आनंद सिंह नेगी, दीपा बिष्ट, हेमा देवी, सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, वित्त प्रभारी उमेश पठालनी, प्रभारी अभियंता राजेंद्र प्रसाद दुमका, सहायक प्रबंधक महिला डेयरी गीता ओझा सहित कई अधिकारी, कर्मचारी और दुग्ध उत्पादक उपस्थित रहे।

👉 देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें


Spread the love