मुंबई सेंट्रल–काठगोदाम सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन शुरू
Spread the love

होली पर रेल यात्रियों को बड़ा तोहफा: मुंबई सेंट्रल–काठगोदाम सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन शुरू, 27 घंटे में तय करेगी 1586 किमी का सफर

हल्द्वानी/मुंबई। होली के रंगों से पहले रेल यात्रियों के लिए खुशखबरी आई है। त्योहार के दौरान बढ़ती भीड़ को देखते हुए पश्चिम रेलवे ने मुंबई सेंट्रल से काठगोदाम के बीच साप्ताहिक सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की है। इस विशेष ट्रेन से मुंबई से सीधे कुमाऊं पहुंचना अब और भी आसान हो जाएगा। यह सेवा सीमित फेरों के लिए संचालित की जाएगी। रेलवे के अनुसार ट्रेन संख्या 09075/09076 मुंबई सेंट्रल–काठगोदाम–मुंबई सेंट्रल साप्ताहिक सुपरफास्ट स्पेशल के रूप में चलेगी।

जाने का शेड्यूल (09075)

ट्रेन संख्या 09075 प्रत्येक बुधवार सुबह 10:55 बजे मुंबई सेंट्रल से रवाना होगी और बोरीवली, वापी, सूरत, वडोदरा, रतलाम, नागदा, कोटा, गंगापुर सिटी, हिंडौन सिटी, भरतपुर, मथुरा, हाथरस सिटी, कासगंज, बदायूं, बरेली जंक्शन, बरेली सिटी, इज्जतनगर, बहेरी, किच्छा, लालकुआं और हल्द्वानी होते हुए गुरुवार दोपहर 2:30 बजे काठगोदाम पहुंचेगी।

वापसी का शेड्यूल (09076)

वापसी में ट्रेन संख्या 09076 गुरुवार शाम 5:30 बजे काठगोदाम से चलेगी और हल्द्वानी, लालकुआं, बहेड़ी, इज्जतनगर, बरेली, बदायूं, कासगंज, हाथरस, मथुरा, भरतपुर, गंगापुर सिटी, कोटा, नागदा, रतलाम, वडोदरा, सूरत और वलसाड होते हुए रात 9:00 बजे मुंबई सेंट्रल पहुंचेगी।

27 घंटे में लंबा सफर

करीब 1586 किलोमीटर की दूरी यह सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन लगभग 27 घंटे में पूरी करेगी, जिससे यात्रियों को तेज और सुविधाजनक यात्रा विकल्प मिलेगा।

संचालन की तिथियां

मुंबई सेंट्रल से: 25 फरवरी तथा 4, 11, 18 और 25 मार्च

काठगोदाम से वापसी: 26 फरवरी तथा 5, 12, 19 और 26 मार्च

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक होली के दौरान उत्तराखंड और मुंबई के बीच भारी यात्री दबाव को देखते हुए यह विशेष ट्रेन चलाई जा रही है। इससे नियमित ट्रेनों में भीड़ कम होगी और यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने की संभावना बढ़ेगी।


Spread the love