रामड़ी आनसिंह (पनियाली) सीट से भाजपा प्रत्याशी बेला तोलिया ने गिनाए पांच वर्षों के विकास कार्य, विरोधियों पर भी साधा निशाना
हल्द्वानी। जिला पंचायत सदस्य पद के लिए रामड़ी आनसिंह (पनियाली) सीट से भाजपा की अधिकृत प्रत्याशी बेला तोलिया ने शनिवार को हल्द्वानी में आयोजित प्रेस वार्ता में अपने पांच वर्षीय कार्यकाल के दौरान किए गए विकास कार्यों का ब्यौरा प्रस्तुत किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि जिला पंचायत अध्यक्ष के रूप में उन्होंने नैनीताल जनपद में लगभग 15 करोड़ रुपये के विकास कार्य धरातल पर उतारे हैं, जिसमें उनकी अपनी सीट पर सर्वाधिक योजनाएं क्रियान्वित की गईं।
बेला तोलिया वर्ष 2019 से 2024 तक नैनीताल जिला पंचायत की अध्यक्ष रहीं। उन्होंने बताया कि इस अवधि में विशेष रूप से रामड़ी आनसिंह (पनियाली) क्षेत्र की 15 ग्रामसभाओं—बजुनिया हल्दू, लामाचौड़ खास, पनियाली, रामड़ी आनसिंह, कुरिया गांव, पीपल पोखरा, बच्चीनगर, जयपुर पाड़ली, ईसाई नगर, बसानी, कमलुवागांजा मेहता, चौसला, रामपुर लामाचौड़, गुजरोड़ा और घुनी (1 व 2)—में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर करने के लिए योजनाएं संचालित की गईं।
🛠 प्रमुख विकास कार्य
- 4 करोड़ रुपये की लागत से सीसी सड़कों का निर्माण, जिससे ग्रामीण आवागमन में सुधार हुआ।
- 1 करोड़ रुपये से स्वच्छ पेयजल टैंक, ताकि हर घर तक साफ पानी पहुंचे।
- 1 करोड़ रुपये से शौचालय निर्माण, जिससे स्वच्छता अभियान को बल मिला।
- 1 करोड़ रुपये से पेयजल पाइपलाइन, जल संकट की समस्या में राहत।
- 90 लाख रुपये से गूल निर्माण, जल संरक्षण व सिंचाई के लिए अहम कदम।
- 75 लाख रुपये से पुलिया निर्माण, जिससे संपर्क मार्गों को मजबूती मिली।
- 65 लाख रुपये से सुरक्षा दीवारों का निर्माण, जिससे जन-संपत्ति की रक्षा संभव हो सकी।
- 1 करोड़ रुपये से क्षेत्रीय मंदिरों का सौंदर्यीकरण, सांस्कृतिक धरोहरों को संरक्षण मिला।
- 1 करोड़ रुपये की लागत से सोलर लाइटें, जिससे गाँवों की रातें रोशन हुईं और ऊर्जा संरक्षण को बढ़ावा मिला।
बेला तोलिया ने बताया कि इसके अतिरिक्त जिला योजना और अन्य विभागीय मदों से लगभग 4 करोड़ रुपये के अतिरिक्त कार्य भी संपन्न कराए गए हैं, जिनका लाभ सीधे आम जनता को मिला।
कोरोना महामारी के दौरान किए गए कार्यों का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि जिला पंचायत के सभी 27 क्षेत्रों में मास्क वितरण, स्प्रे मशीनें और सैनिटाइजेशन अभियान चलाए गए। इस दौरान हर क्षेत्रवासी तक सहायता पहुंचाने का प्रयास किया गया।
स्वच्छ भारत मिशन के तहत 8 विकासखंडों में 8 कूड़ा वाहन संचालित कर कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था शुरू की गई, जिससे स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण दोनों को बढ़ावा मिला।
प्रेस वार्ता के दौरान बेला तोलिया ने अपने विरोधी प्रत्याशियों पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कुछ प्रत्याशियों ने चुनाव लड़ने से रोकने के लिए न्यायालय में झूठी शिकायतें और भ्रम फैलाने वाले प्रयास किए, परंतु सत्य की जीत हुई और उनका नामांकन वैध रहा।
उन्होंने कहा कि पिछले चुनाव में उन्हें जनता द्वारा निर्विरोध चुना गया था, जिसे अब उनके विरोधी “अभिशाप” बताकर क्षेत्रवासियों के फैसले और सम्मान का अपमान कर रहे हैं। साथ ही, उन्हें ‘शहरी’ और ‘बाहरी’ बताकर अपने ही क्षेत्र के लोगों से तोड़ने की साजिश की जा रही है।
“मुझे क्षेत्र की जनता पर पूरा विश्वास है। मेरा राजनीतिक उद्देश्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि जनसेवा करना है। मैं इसी विचारधारा के साथ चुनावी समर में उतरी हूँ, और आगे भी विकास कार्यों की यही गति बनी रहेगी,” – बेला तोलिया ने कहा।
