Spread the love

भाजपा का सख्त रुख: सोशल मीडिया पर अनर्गल टिप्पणी करने वालों पर गिरेगी गाज

हल्द्वानी। भारतीय जनता पार्टी ने संगठन में अनुशासन बनाए रखने को लेकर अब कड़ा रुख अपना लिया है। नैनीताल जिले के भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट ने पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को चेतावनी देते हुए कहा है कि सोशल मीडिया पर पार्टी या सरकार के खिलाफ भ्रामक अथवा नकारात्मक टिप्पणियां कतई बर्दाश्त नहीं की जाएंगी।

जिलाध्यक्ष द्वारा जारी पत्र में साफ तौर पर कहा गया है कि भाजपा एक अनुशासित संगठन है, जिसमें विचार विमर्श के लिए आंतरिक मंच मौजूद हैं। ऐसे में किसी को भी पार्टी के निर्णयों या सरकार की नीतियों पर सार्वजनिक मंचों—खासतौर पर सोशल मीडिया—पर टिप्पणी करने की इजाजत नहीं है।

प्रताप सिंह बिष्ट ने कहा कि हाल के दिनों में कुछ लोगों द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से पार्टी और सरकार के खिलाफ अभियान चलाया गया, जो न केवल अनुशासनहीनता है, बल्कि इससे जनता के बीच भ्रम की स्थिति भी पैदा होती है। यह आचरण पार्टी की एकता और साख को नुकसान पहुंचाता है।

उन्होंने दो टूक कहा, “जो भी कार्यकर्ता पार्टी फोरम की बजाय सार्वजनिक मंचों पर संगठन के खिलाफ बयानबाजी करेगा, उसके खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। ऐसे लोग स्वयं इसके लिए जिम्मेदार होंगे।”

बताया जा रहा है कि यह निर्देश प्रदेश नेतृत्व के परामर्श से जारी किया गया है, जिससे साफ है कि पार्टी अब आंतरिक मतभेदों को सार्वजनिक करने की प्रवृत्ति पर सख्त नजर रखेगी और अनुशासनहीनता पर कोई रियायत नहीं दी जाएगी।


Spread the love