Spread the love

धामी सरकार की सख्त पहल से अब तक हटाए गए 537 मजार, अभियान जारी

कुंडेश्वरी की सीलिंग भूमि पर बनी 5 मजारें ध्वस्त, भू-माफिया पर नकेल

उधम सिंह नगर/काशीपुर, 3 जुलाई 2025: उत्तराखंड सरकार द्वारा अवैध धार्मिक निर्माणों के खिलाफ चलाए जा रहे राज्यव्यापी अभियान के तहत काशीपुर के कुंडेश्वरी क्षेत्र में बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की गई। बुधवार तड़के तैनात पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में सरकारी सीलिंग भूमि पर बनी 5 अवैध मजारों को ध्वस्त कर दिया गया।

काशीपुर के उपजिलाधिकारी अभय प्रताप सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि कुंडेश्वरी क्षेत्र में स्थित सरकारी आमबाग की सीलिंग भूमि पर लंबे समय से अवैध रूप से धार्मिक ढांचे बनाए गए थे। इन संरचनाओं के निर्माण और भूमि पर कब्जे के वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए 15 दिन पूर्व संबंधित व्यक्तियों को नोटिस जारी किया गया था।

नियत समय तक कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत न करने के कारण, बुधवार सुबह बुलडोजर की मदद से सभी 5 अवैध मजारों को पूरी तरह हटाया गया। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि स्थल पर कोई स्थायी निर्माण मलबा अथवा विरोध का कोई प्रयास नहीं पाया गया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार ने ‘देवभूमि’ की पवित्रता और सरकारी भूमि की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए अवैध धार्मिक निर्माणों के खिलाफ अभियान तेज किया है। मुख्यमंत्री ने पूर्व में सार्वजनिक रूप से कहा है कि, राज्य में ऐसी कोई भी अवैध संरचना, जो हरी या नीली चादरें डालकर कब्जे की मंशा से बनाई जाती हैं, उन्हें किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”

सरकारी आंकड़ों के अनुसार, अब तक 537 से अधिक अवैध मजारों को चिन्हित कर हटाया जा चुका है। यह अभियान सभी जिलों में चरणबद्ध तरीके से जारी है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार के अवैध निर्माण, चाहे वे धार्मिक स्वरूप में हों या निजी हित में, को कानूनी प्रक्रिया के तहत हटाया जाएगा। भविष्य में इस तरह की गतिविधियों में शामिल पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


Spread the love