Spread the love

चलती स्कूटी में कारोबारी को पड़ा हार्ट अटैक, सड़क पर गिरने से हुई मौत

हल्द्वानी। शहर में शनिवार शाम एक व्यापारी की अचानक तबीयत बिगड़ने से दर्दनाक मौत हो गई। दुकान बंद कर घर लौट रहे व्यापारी को स्कूटी चलाते समय ही हार्ट अटैक आ गया। अचानक बेहोश होकर वह सड़क पर गिर पड़े। राहगीरों ने तत्काल उन्हें सोबन सिंह जीना बेस अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान नया बाजार मंगल पड़ाव निवासी 68 वर्षीय व्यापारी के रूप में हुई है, जिनकी मुख्य बाजार क्षेत्र में वर्षों पुरानी दुकान है। शनिवार शाम वे दुकान बंद कर स्कूटी से घर की ओर जा रहे थे। जब वे रोडवेज के सामने स्टेडियम वाली गली तक पहुंचे, तभी अचानक उन्हें सीने में दर्द हुआ और वे स्कूटी समेत सड़क पर गिर गए।

स्थानीय लोगों ने उन्हें पहचानकर तुरंत पुलिस और परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस की मदद से उन्हें एम्बुलेंस के माध्यम से अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि उनकी मृत्यु हो चुकी है।

कोतवाल अमरचंद्र शर्मा ने बताया कि परिजनों ने मृतक का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। उन्होंने मृतक की मेडिकल हिस्ट्री मजिस्ट्रेट को दिखाते हुए बताया कि वे पहले से ही हृदय रोग से पीड़ित थे और उनका इलाज चल रहा था। सिटी मजिस्ट्रेट से अनुमति मिलने के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।


Spread the love