Spread the love

धामी सरकार में जल्द हो सकता है मंत्रिमंडल विस्तार

तीन नए चेहरे बन सकते हैं मंत्री, फेरबदल से बदलेगा सत्ता का संतुलन

देहरादून। उत्तराखंड की राजनीति में इन दिनों नई हलचल देखी जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अगुवाई वाली सरकार जल्द ही मंत्रिमंडल विस्तार की तैयारी में है। सूत्रों के मुताबिक, इस विस्तार में तीन नए विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई जा सकती है, जबकि कुछ मौजूदा मंत्रियों के विभागों में फेरबदल की भी संभावना है।

सूत्र बताते हैं कि यह प्रक्रिया केवल कैबिनेट तक सीमित नहीं रहेगी। सरकार ने 16 राज्य मंत्रियों की सूची भी तैयार कर ली है, जिसे आने वाले दिनों में सार्वजनिक किया जाएगा। इतना ही नहीं, कुमाऊं मंडल विकास निगम और गढ़वाल मंडल विकास निगम के नए अध्यक्षों की घोषणा भी इसी चरण में होने की उम्मीद है।

इस बार के विस्तार में महिला प्रतिनिधित्व पर विशेष जोर दिए जाने की चर्चा है। खासतौर पर केदारनाथ क्षेत्र की विधायक आशा नौटियाल का नाम संभावित मंत्रियों में सबसे आगे बताया जा रहा है। माना जा रहा है कि धामी सरकार इस कदम के जरिए महिला सशक्तिकरण का संदेश देना चाहती है।

हरिद्वार से बीजेपी विधायक प्रदीप बत्रा और कुमाऊं क्षेत्र से फकीर राम टम्टा भी इस सूची में शामिल बताए जा रहे हैं। इनके अनुभव और क्षेत्रीय प्रभाव को देखते हुए पार्टी इन्हें मंत्रिमंडल में जगह देने पर गंभीरता से विचार कर रही है।

जानकारों का कहना है कि यह विस्तार केवल सत्ता संतुलन के लिए नहीं, बल्कि आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखकर किया जा रहा है। पार्टी संगठन ऐसे नेताओं को प्राथमिकता देना चाहता है जिनका जमीनी स्तर पर मजबूत जनाधार है और जिन्होंने लंबे समय से संगठन में सक्रिय भूमिका निभाई है।

फिलहाल, उत्तराखंड की सियासत में हर किसी की निगाहें धामी सरकार की इस संभावित रणनीतिक चाल पर टिकी हुई हैं।


Spread the love

You missed