किरायदार बनकर आया, मिनटों में घर साफ कर गया
Spread the love

“किरायदार बनकर आया, मिनटों में घर साफ कर गया! बद्रीपुर में दिनदहाड़े बुजुर्ग महिला से शातिराना चोरी” CCTV में कैद

हल्द्वानी। बद्रीपुर क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई चोरी की वारदात ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। एक शातिर युवक ने किरायदार बनने का नाटक कर घर में अकेली रह रही बुजुर्ग महिला के भोलेपन का फायदा उठाया और गहनों व नकदी से भरा बक्सा लेकर फरार हो गया।

बद्रीपुरा निवासी बुजुर्ग महिला दया नेगी, पत्नी स्व. जगत सिंह नेगी, घर में अकेली थीं। इसी दौरान खुद को दीपक बिष्ट निवासी दानिया बताने वाला युवक किराए पर कमरा लेने के बहाने उनके घर पहुंचा। महिला द्वारा कमरा दिखाए जाने पर युवक ने पसंद आने की बात कही और बहाने से महिला को घर के पिछले गेट तक भेज दिया।

महिला जैसे ही पिछला गेट खोलने गई, वैसे ही आरोपी ने घर में रखा बक्सा उठाया और पलक झपकते ही फरार हो गया। जब महिला वापस लौटी तो बक्सा गायब देख वह स्तब्ध रह गई। घबराई महिला ने तुरंत रिश्तेदारों और स्थानीय पार्षद रवि जोशी को सूचना दी, जिन्होंने पुलिस को अवगत कराया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। हैरानी की बात यह है कि यह घटना कोतवाली से महज 300 मीटर की दूरी पर हुई, जिससे पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।

घटना की जानकारी मिलने पर हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश भी मौके पर पहुंचे और बुजुर्ग महिला को ढांढस बंधाया। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।


Spread the love

You missed