राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस पर बागेश्वर में शिविर आयोजित
स्वस्थ नारी–सशक्त परिवार अभियान के तहत छात्र-छात्राओं को दी गई जागरूकता
संवाददाता सीमा खेतवाल

बागेश्वर। सेवा पखवाड़ा एवं राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के कार्यक्रम की श्रृंखला में मंगलवार, 23 सितम्बर 2025 को विवेकानंद विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, बागेश्वर में स्वस्थ नारी–सशक्त परिवार अभियान के अंतर्गत एक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर का शुभारंभ जिला आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी डॉ. निष्ठा शर्मा कोहली और विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री अव्वल सिंह तोपाल ने भगवान धन्वंतरि के सम्मुख दीप प्रज्वलन कर किया।

कार्यक्रम में किशोरियों को किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक और मानसिक परिवर्तन, पोषण, मासिक धर्म से जुड़ी समस्याएं, स्वच्छता के महत्व, गुड टच–बैड टच और मनोदशाओं को समझने जैसे विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही किशोर एवं किशोरियों को संभावित बीमारियों से बचाव, पोषण और स्वच्छता के महत्व पर भी जागरूक किया गया।

शिविर में योग अनुदेशक श्रीमती कविता परिहार ने योग सत्र का संचालन किया। चर्चा के बाद छात्र-छात्राओं ने अपने प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों द्वारा समाधान किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के कुल 1282 छात्र-छात्राओं ने लाभ उठाया।
कार्यक्रम का आयोजन जिला आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी डॉ. निष्ठा शर्मा कोहली के दिशा-निर्देशन में हुआ। कार्यक्रम में चिकित्सा अधिकारी डॉ. एजल पटेल, श्रीमती नीलम खत्री, योग अनुदेशक श्रीमती कविता परिहार, श्री नवीन, श्री नाजिम, श्री गोविंद खाती और श्री भगवान नगरकोटी भी उपस्थित रहे।
अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री अव्वल सिंह तोपाल और समस्त शिक्षकगणों को धन्यवाद ज्ञापित किया गया।





