राजकीय बालिका इंटर कॉलेज दोफाड़ में ‘स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान’ के तहत शिविर आयोजित
संवाददाता: सीमा खेतवाल, बागेश्वर

बागेश्वर। सेवा पखवाड़ा एवं राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस कार्यक्रम की श्रृंखला के अंतर्गत स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान के तहत शुक्रवार को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज दोफाड़ में एक विशेष शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में किशोरियों को किशोरावस्था के दौरान होने वाले शारीरिक और मानसिक परिवर्तन, पोषण, मासिक धर्म संबंधी समस्याओं एवं स्वच्छता के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इसके साथ ही गुड टच-बैड टच और किशोरावस्था की मनोदशाओं को समझने पर भी चर्चा की गई।

चिकित्सकों ने बालिकाओं को संभावित बीमारियों से बचाव के लिए संतुलित आहार और स्वच्छता अपनाने की सलाह दी। चर्चा के उपरांत छात्राओं ने अपने प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने समाधान किया। शिविर से विद्यालय की कुल 43 छात्राएं लाभांवित हुईं।

कार्यक्रम का संचालन जिला आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी, बागेश्वर के दिशा-निर्देशन में किया गया। इसमें आयुष्मान आरोग्य मंदिर चौरा, बागेश्वर के चिकित्सा अधिकारी डॉ. एजल पटेल, फार्मेसी अधिकारी श्रीमती नीलम खत्री, योग अनुदेशक श्री बालकृष्ण एवं योग अनुदेशक कुमारी प्रीति फर्स्वाण की सक्रिय भूमिका रही।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती रंजना चौहान एवं विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों और टीम का आभार व्यक्त किया।
