केम्पटी: पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर खाई में गिरा, चार युवक घायल, एक की हालत गंभीर
केम्पटी (देहरादून), 4 अगस्त 2025। उत्तराखंड के टिहरी जिले के केम्पटी थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। मोरी से विकासनगर की ओर जा रहा एक पिकअप वाहन (UK07TD 6512) अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। हादसे में वाहन सवार चार युवक घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही केम्पटी थानाध्यक्ष महिपाल सिंह रावत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित रेस्क्यू अभियान चलाया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
घटना सुबह करीब 6:00 बजे की बताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे के वक्त वाहन में चार युवक सवार थे। दुर्घटना के समय दो युवक वाहन से छिटककर बाहर गिर गए, जिन्हें हल्की चोटें आईं और उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया। तीसरे युवक को भी घायल अवस्था में थोड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया, जबकि चौथे युवक की तलाश कुछ देर तक जारी रही। अंततः उसे भी गंभीर अवस्था में खोज लिया गया और बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, वाहन में सवार सभी युवक उत्तरकाशी जनपद के मोरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नूरानी नैटववाड के रहने वाले हैं। उनकी पहचान परमेश लाल (25 वर्ष), पुत्र दिल्लू लाल; नवीन (22 वर्ष), पुत्र शिवदयाल व वाहन चालक; विपिन नेगी (18 वर्ष), पुत्र सैन सिंह; और सुरतन लाल (18 वर्ष), पुत्र बंसा लाल के रूप में हुई है। पुलिस ने दुर्घटनास्थल से राहत एवं बचाव कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर सभी घायलों को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया और वाहन को खाई से बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच जारी है।
