लखपति दीदियों की आत्मनिर्भरता का उत्सव: एनआरएलएम अंतर्गत ‘लखपति दीदी नववर्ष कैलेंडर–2026’ का डीएम ने किया लोकार्पण
हल्द्वानी | 01 जनवरी 2026 राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) योजना के अंतर्गत जनपद की लखपति दीदियों की प्रेरणादायी सफलता गाथाओं को समर्पित ‘लखपति दीदी नववर्ष कैलेंडर–2026’ का लोकार्पण जिलाधिकारी श्री ललित मोहन रयाल द्वारा उनके कैंप कार्यालय, हल्द्वानी में किया गया।
यह कैलेंडर जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं द्वारा संचालित विविध आजीविका एवं स्वरोजगार गतिविधियों का जीवंत दस्तावेज है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करना है।
लोकार्पण अवसर पर जिलाधिकारी ने लखपति दीदियों से संवाद करते हुए उनकी आजीविका गतिविधियों, उत्पादन कार्यों तथा आय से संबंधित विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि लखपति दीदी योजना ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की एक सशक्त मिसाल है, जो महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ उन्हें समाज में नई पहचान दिला रही है।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाएं न केवल अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ कर रही हैं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान कर रही हैं। यह पहल आत्मनिर्भर भारत एवं आत्मनिर्भर उत्तराखंड के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस अवसर पर स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा जिलाधिकारी को नववर्ष की शुभकामनाएं भी प्रेषित की गईं।
लखपति दीदी नववर्ष कैलेंडर–2026 में महिलाओं द्वारा संचालित विभिन्न स्वरोजगार गतिविधियों को दर्शाया गया है, जिनमें—
- बेकरी एवं फूड प्रोसेसिंग
- सिल्क कोकून उत्पादन
- रिंगाल से टोकरी निर्माण
- कैंडल निर्माण
- वूलन टॉयज निर्माण
- स्मृति चिन्ह (सुवेनियर) निर्माण सहित अन्य आजीविका कार्य शामिल हैं।
कार्यक्रम में अपर परियोजना निदेशक, डीटीई, बीएमएम हल्द्वानी, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं तथा संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर सहायक परियोजना निदेशक, डीआरडीए चंदा फर्त्याल सहित महिला समूहों की सदस्य भी मौजूद रहीं।
