Spread the love

हल्द्वानी में बवाल: ब्लॉगर ज्योति अधिकारी, पति गोपाल अधिकारी और कमल जोशी पर मारपीट-तोड़फोड़ का मुकदमा दर्ज

हल्द्वानी। शहर में सोशल मीडिया पर शुरू हुआ विवाद अब सड़कों तक पहुंच गया है। दो महिला ब्लॉगरों के बीच इंटरनेट मीडिया पर चल रही रोस्टिंग और आरोप-प्रत्यारोप की लड़ाई हिंसक झड़प में बदल गई। मामले में पुलिस ने एक महिला ब्लॉगर समेत अन्य लोगों के खिलाफ मारपीट, तोड़फोड़ और धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

मामला काठगोदाम थाना क्षेत्र का है। जोशी कॉलोनी छोटी मुखानी निवासी ब्लॉगर सुनीता भट्ट (34) ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि दूसरी ब्लॉगर ज्योति अधिकारी अपने साथियों के साथ चौपाटी स्थित उनके कार्यस्थल पर पहुंची और उनके साथ मारपीट की। इस दौरान उनके फूड स्टॉल में तोड़फोड़ भी की गई।

पीड़िता के अनुसार वह सोशल मीडिया पर ब्लॉगिंग करती हैं और चौपाटी के पास वुडपेकर के नजदीक उनका एक छोटा फूड स्टॉल है। उनका आरोप है कि 11 मार्च को ज्योति अधिकारी ने फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब के जरिए उन्हें शाम को उनके फूड स्टॉल पर आकर मारने की धमकी दी थी।

सुनीता भट्ट का कहना है कि इसके बाद कई अन्य लोगों से भी उन्हें फोन कराकर धमकियां दिलवाई गईं। आरोप है कि उन्हें बदनाम करने और यहां तक कि उनकी सात साल की बेटी को उठाने तक की धमकी दी गई।

तहरीर में बताया गया है कि उसी दिन शाम करीब 6:30 बजे ज्योति अधिकारी अपने पति गोपाल अधिकारी, कमल जोशी और अन्य लोगों के साथ फूड स्टॉल पर पहुंचीं, जहां उनके साथ मारपीट की गई और स्टॉल में रखे सामान को भी नुकसान पहुंचाया गया।

पीड़िता का आरोप है कि इस दौरान उन्हें सार्वजनिक रूप से अपमानित किया गया और कपड़े फाड़ने जैसी धमकियां भी दी गईं, जिससे उन्हें सामाजिक और आर्थिक नुकसान हुआ है।

सुनीता भट्ट ने पुलिस से अपनी और अपनी बेटी की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ ही आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

वहीं काठगोदाम थाना अध्यक्ष विमल मिश्रा ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


Spread the love