शादी के मंडप में बवाल! सात फेरे के बाद पहुंची पहली पत्नी, पुलिस संग विवाह स्थल पर मचा हड़कंप
दिनेशपुर। सोमवार को दिनेशपुर क्षेत्र में एक शादी समारोह उस वक्त हंगामे और हाई वोल्टेज ड्रामे में बदल गया, जब दूल्हे की पहली पत्नी पुलिस को साथ लेकर सीधे विवाह मंडप में जा धमकी। आरोप था कि युवक ने बिना तलाक लिए दूसरी शादी रचा ली, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी—सात फेरे पूरे हो चुके थे और शादी संपन्न हो चुकी थी।
थाने से सीधे मंडप तक पहुंचा मामला
जानकारी के अनुसार, माजरा हसन, गदरपुर निवासी महिला सोमवार को थाने पहुंची और अपने पति पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वह गैरकानूनी तरीके से दूसरी शादी कर रहा है। महिला ने तुरंत विवाह रुकवाने की मांग की। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसआई सोनिका जोशी पुलिस टीम और पीड़िता को साथ लेकर मदनापुर गांव स्थित विवाह स्थल के लिए रवाना हुईं।
लेकिन तब तक बज चुकी थी शहनाई!
पुलिस जब तक मौके पर पहुंची, तब तक दूल्हा-दुल्हन सात फेरे लेकर एक-दूसरे के हो चुके थे। जैसे ही मंडप में पुलिस और पहली पत्नी की एंट्री हुई, वहां मौजूद मेहमानों में खलबली मच गई। देखते ही देखते माहौल गरमा गया और दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक और बहस शुरू हो गई।
पंचायत का हवाला, पत्नी का कानून का तर्क
युवक पक्ष का कहना था कि पंचायत में समझौते के बाद दोनों पिछले छह साल से अलग-अलग रह रहे हैं और आपसी सहमति से अपना जीवन जी रहे हैं। वहीं, पहली पत्नी ने साफ कहा कि बिना कानूनी तलाक दूसरी शादी करना अपराध है और यह पूरी तरह गैरकानूनी है।
पुलिस ने बताई हकीकत
मौके पर पुलिस ने युवक और उसके परिजनों को स्पष्ट शब्दों में बताया कि बिना तलाक दूसरी शादी कानूनन अपराध है। हालांकि, मौके पर कोई गिरफ्तारी नहीं की गई। पुलिस ने पीड़िता को आरोपी पति के खिलाफ न्यायालय की शरण लेने की सलाह देते हुए मामले को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए छोड़ दिया।

