Spread the love

मुख्य सचिव ने दिए झुग्गी बस्तियों का पुनः सर्वे कराने के निर्देश

नवंबर 2025 तक पूरा हो काठबंगला आवंटन कार्य

देहरादून। सचिवालय में आयोजित बैठक के दौरान मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने झुग्गी बस्तियों के पुनर्विकास कार्यों की समीक्षा की और अधिकारियों को झुग्गियों का नया सर्वेक्षण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वर्ष 2011-12 में किए गए सर्वे में चिन्हित श्रेणी-1 और श्रेणी-2 के पात्र लाभार्थियों को अब स्थानीय निकायों और जिलाधिकारियों की सहायता से अभियान चलाकर विनियमित किया जाए।

मुख्य सचिव ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे शीघ्र ही जिला स्तरीय समितियों की बैठकें आयोजित करें, ताकि उसके बाद राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक बुलाकर आगे की कार्यवाही तय की जा सके। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि झुग्गी बस्तियों के पुनर्विकास से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में मुख्य सचिव ने विशेष रूप से काठबंगला पुनर्विकास परियोजना का उल्लेख करते हुए कहा कि परियोजना में निर्मित सभी आवासों का आवंटन कार्य नवंबर 2025 तक हर हाल में पूरा कर लिया जाए। उन्होंने सचिव शहरी विकास विभाग को इस कार्य की निरंतर मॉनिटरिंग के निर्देश भी दिए।

उन्होंने आगे कहा कि झुग्गी पुनर्विकास से संबंधित भूमि चिन्हीकरण, आवंटन नियम, पात्रता निर्धारण और डीपीआर (विस्तृत परियोजना रिपोर्ट) तैयार करने के लिए सचिव शहरी विकास, सचिव लोक निर्माण विभाग, एमडीडीए तथा नगर निगम की संयुक्त बैठक आयोजित की जाए, ताकि आवश्यक निर्णय शीघ्र लिए जा सकें।

बैठक में सचिव नितेश कुमार झा, एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी, अपर सचिव गौरव कुमार सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


Spread the love