Spread the love

जनपद स्तरीय विज्ञान महोत्सव में बाल वैज्ञानिकों ने दिखाया कौशल

संवाददाता: सीमा खेतवाल

बागेश्वर। विक्टर मोहन जोशी स्मारक राजकीय इंटर कॉलेज बागेश्वर में राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद, उत्तराखंड देहरादून तथा समग्र शिक्षा के संयुक्त तत्वावधान में जनपद स्तरीय विज्ञान महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। इसमें जनपद के कपकोट, गरुड़ और बागेश्वर विकासखंडों से चयनित बाल वैज्ञानिकों ने प्रतिभाग किया।

महोत्सव में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें विज्ञान प्रदर्शनी और विज्ञान ड्रामा प्रमुख रहे। विज्ञान प्रदर्शनी में सात उप-विषयों पर जूनियर व सीनियर वर्ग के छात्र-छात्राओं ने अपने वैज्ञानिक मॉडलों का प्रदर्शन किया। प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी अब राज्य स्तरीय विज्ञान महोत्सव में जनपद का प्रतिनिधित्व करेंगे।

विज्ञान ड्रामा प्रतियोगिता में इंटर कॉलेज कोइराली की टीम ने प्रथम स्थान, पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज गरुड़ की टीम ने द्वितीय स्थान और पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज कपकोट की टीम ने तृतीय स्थान हासिल किया।

जनपद बागेश्वर से कुल 36 बाल वैज्ञानिक एवं उनके मार्गदर्शक शिक्षक राज्य स्तरीय विज्ञान महोत्सव में प्रतिभाग करेंगे।

कार्यक्रम का संचालन संगम शाह (सहायक अध्यापक) ने किया। आयोजन का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य दीप चंद्र जोशी ने किया।

इस अवसर पर प्रभारी मुख्य शिक्षा अधिकारी विनय कुमार आर्य तथा भारतीय स्टेट बैंक शाखा बागेश्वर के सहायक प्रबंधक तारादत्त जोशी ने संयुक्त रूप से विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए। उन्होंने बच्चों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं देते हुए उज्जवल भविष्य की कामना की।

महोत्सव में अतुल लोहरानी, सोनिया गौरव, दीपा उपाध्याय, कविता हारकोटिया, बबीता असवाल, विजेंद्र पांडे, हेरेंद्र रावल, प्रेम प्रकाश उपाध्याय, गरिमा शाह, मीनू चौन्याल, पंकज शाह, श्वेता जोशी, ममता पुरोहित सहित अनेक शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से छात्र-छात्राओं में वैज्ञानिक अभिरुचि, तार्किक सोच और नवाचार की भावना विकसित होती है, जो भविष्य में उन्हें बेहतर वैज्ञानिक दृष्टिकोण प्रदान करेगी।


Spread the love