सीएम धामी ने नैनीताल में मॉर्निंग वॉक के दौरान जनता से की मुलाकात, नैना देवी मंदिर सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण

नैनीताल, 27 नवंबर 2025। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार सुबह नैनीताल में मॉर्निंग वॉक के दौरान आम नागरिकों, पर्यटकों और स्कूली बच्चों से मुलाकात कर उनका हाल जाना। सीएम धामी ने सभी से आत्मीय संवाद किया और उनके सुझाव भी सुने। इस दौरान उन्होंने स्थानीय चाय विक्रेता भरत की दुकान पर चाय का स्वाद लेकर स्थानीय लोगों का उत्साह बढ़ाया।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने मानस खंड मिशन के अंतर्गत नैना देवी मंदिर परिसर में जारी सौंदर्यीकरण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि मंदिर को अधिक भव्य और आकर्षक स्वरूप देने के लिए ₹11 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है, जिसके तहत कई महत्वपूर्ण कार्य तेजी से प्रगति पर हैं। उन्होंने मंदिर परिसर के विस्तारीकरण, प्रकाश व्यवस्था, सुंदरिकरण और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़े कार्यों की जानकारी अधिकारियों से ली।

मुख्यमंत्री ने मिशन के अन्य विकास कार्यों—डीएसए मैदान के सुधार, वलिया नाला के पुनर्निर्माण, तथा ठंडी सड़क पर भूस्खलन सुरक्षा कार्यों—की भी अपडेट ली। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए।
निरीक्षण के दौरान जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टी.सी. सहित प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
