हल्द्वानी से CM धामी का संदेश: बजट 2026 विकास, विश्वास और भविष्य की गारंटी
हल्द्वानी। माननीय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एफटीआई हेलीपैड से कार द्वारा प्रस्थान कर अपराह्न अमरदीप होटल पहुंचे। अमरदीप होटल आयोजित एक प्रेस कांफ्रेंस के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज नहीं, बल्कि विकसित भारत–2047 के संकल्प को जमीन पर उतारने की ठोस कार्ययोजना है, जो देश के भविष्य की मजबूत आधारशिला रखेगा।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026 में इको टूरिज्म, पर्वतीय ट्रेल्स और हरित पर्यटन के विकास पर विशेष फोकस किया गया है, जिसका सीधा और बड़ा लाभ उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य को मिलेगा। इससे न सिर्फ प्रदेश के पर्यटन मानचित्र को नई पहचान मिलेगी, बल्कि स्थानीय युवाओं, महिलाओं और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के हजारों नए अवसर सृजित होंगे।
उन्होंने कहा कि यह बजट आम आदमी की उम्मीदों से जुड़ा हुआ है। किसान, महिला, युवा और मध्यम वर्ग — सभी के लिए इसमें ठोस प्रावधान किए गए हैं। बजट से किसानों को सशक्त बनाने, महिला सशक्तिकरण को नई गति देने और युवाओं के लिए रोजगार, स्वरोजगार और स्टार्टअप अवसरों का विस्तार होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बजट भविष्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने वाला और सामाजिक समावेशन को बढ़ावा देने वाला है।
मुख्यमंत्री धामी ने हवाई सेवाओं के विस्तार और इको टूरिज्म को बजट की बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि इससे पहाड़ी इलाकों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी और दुर्गम क्षेत्रों तक विकास की रफ्तार पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि हेली सेवाओं और क्षेत्रीय हवाई संपर्क को बढ़ावा मिलने से पर्यटन के साथ-साथ आपदा प्रबंधन और स्वास्थ्य सेवाओं में भी मजबूती आएगी।
रेलवे क्षेत्र को लेकर मुख्यमंत्री ने इसे उत्तराखंड के लिए ऐतिहासिक क्षण बताया। उन्होंने कहा कि राज्य को केंद्रीय बजट 2026 में 4769 करोड़ रुपये का रेल बजट आवंटित किया गया है, जो पिछली सरकारों के मुकाबले करीब 26 गुना अधिक है। यह आवंटन प्रदेश के रेल नेटवर्क के विस्तार, नई लाइनों और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने में मील का पत्थर साबित होगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026 उत्तराखंड के समग्र विकास, रोजगार सृजन, पर्यटन विस्तार और मजबूत बुनियादी ढांचे के निर्माण में निर्णायक भूमिका निभाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि यह बजट राज्य को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने वाला साबित होगा।

