लालकुआं में आँचल दुग्ध संघ का सराहनीय कदम: 20 लाभार्थियों को ₹2.98 लाख की आर्थिक सहायता
लालकुआं। नैनीताल आँचल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड ने दुग्ध उत्पादकों, पशुपालकों और दुग्ध समितियों से जुड़े कर्मचारियों के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए 20 लाभार्थियों को कुल ₹2 लाख 98 हजार की आर्थिक सहायता प्रदान की।
संघ के प्रशासनिक भवन में आयोजित कार्यक्रम में अध्यक्ष मुकेश बोरा के नेतृत्व में लाभार्थियों को सहायता राशि के चेक वितरित किए गए।
यह आर्थिक सहयोग उन लोगों को दिया गया, जो आकस्मिक घटनाओं, गंभीर बीमारी और पशुधन की क्षति जैसी विपरीत परिस्थितियों से गुजर रहे हैं। जानकारी के अनुसार, गौशाला में भीषण अग्निकांड में 10 पशुओं की मौत, गुलदार के हमले सहित अन्य कारणों से पशुधन खो चुके पशुपालकों को राहत दी गई। इसके अलावा गंभीर बीमारी से जूझ रहे सात दुग्ध उत्पादकों और पशुपालकों को भी आर्थिक सहायता प्रदान की गई।
संघ की ओर से लाभार्थियों को ₹25 हजार, ₹21 हजार, ₹15 हजार, ₹12 हजार और ₹10 हजार के चेक वितरित किए गए। सहायता पाकर लाभार्थियों के चेहरों पर राहत और संतोष साफ दिखाई दिया। कई परिवारों ने इसे कठिन समय में मिली बड़ी मदद बताया और संघ का आभार जताया।
इस अवसर पर अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि आँचल दुग्ध संघ अपने दुग्ध उत्पादकों और पशुपालकों के हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि किसी भी आपदा, बीमारी या नुकसान की स्थिति में प्रभावित परिवारों तक समय पर सहायता पहुंचाना संघ की प्राथमिकता है और भविष्य में भी यह सहयोग जारी रहेगा।
कार्यक्रम में संचालक मंडल सदस्य गोविंद सिंह मेहता, सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, वित्त प्रभारी उमेश पठानी, पी एंड आई सुभाष बाबू, प्रभारी एफओ शांति कोरंगा, प्रभारी यातायात पूरन चंद्र मिश्रा, प्रभारी अभियंत्रण राजेंद्र प्रसाद सहित बड़ी संख्या में दुग्ध उत्पादक, पशुपालक और कर्मचारी मौजूद रहे।
👉 देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें


