Spread the love

आयुक्त दीपक रावत ने राज्य स्तरीय विद्यालयी शिक्षा फुटबॉल प्रतियोगिता का किया शुभारंभ

मुख्यमंत्री की घोषणा पर मिनी स्टेडियम में खिलाड़ियों के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध

हल्द्वानी, 22 सितम्बर 2025। आयुक्त/सचिव मा॰ मुख्यमंत्री, दीपक रावत ने सोमवार को मिनी स्टेडियम हल्द्वानी में राज्य स्तरीय विद्यालयी शिक्षा फुटबॉल प्रतियोगिता 2025 (अंडर–19 बालक/बालिका वर्ग) का शुभारंभ किया। प्रतियोगिता में प्रदेश के सभी 13 जनपदों के खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं, जिसका आयोजन तीन दिनों तक किया जाएगा।

आयुक्त ने सभी खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए कहा कि यहां होने वाले मैच बेहद रोमांचक होंगे। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से बच्चों को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलेगा और वे प्रदेश ही नहीं बल्कि राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना सकेंगे।

दीपक रावत ने बताया कि मा॰ मुख्यमंत्री की घोषणा के तहत मिनी स्टेडियम हल्द्वानी के सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए गए हैं। उन्होंने कहा कि स्टेडियम को और विकसित एवं आधुनिक बनाने का कार्य निरंतर जारी है ताकि भविष्य में यहां बड़े स्तर की प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन किया जा सके।

उन्होंने यह भी कहा कि स्टेडियम में खेल गतिविधियां निरंतर चलती रहनी चाहिए। साथ ही उल्लेख किया कि हाल ही में आयोजित नेशनल गेम्स में उत्तराखंड के फुटबॉल खिलाड़ियों ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है, जो प्रदेश के लिए गर्व का विषय है।

खिलाड़ियों से बातचीत के दौरान आयुक्त ने कहा कि यदि छात्रावास में रहने के दौरान किसी खिलाड़ी को कोई समस्या होती है तो उसे तुरंत अवगत कराएं। उन्होंने मुख्य शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि छात्रावास में खिलाड़ियों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

आज के मुकाबलों के परिणाम

बालक वर्ग में:

  • देहरादून स्पोर्ट्स कॉलेज ने पौड़ी जनपद को 4–0 से पराजित किया।

  • स्पोर्ट्स कॉलेज पिथौरागढ़ ने देहरादून को 4–2 से हराया।

  • जनपद नैनीताल ने पौड़ी जनपद को 2–0 से मात दी।

बालिका वर्ग में:

  • जनपद पिथौरागढ़ ने जिला देहरादून को 9–0 से हराया।

  • नैनीताल ने उधम सिंह नगर को 4–0 से पराजित किया।

इस अवसर पर मुख्य शिक्षा अधिकारी जी.आर. जायसवाल, जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) पुष्कर लाल टम्टा, जिला शिक्षा अधिकारी (बेसिक) एच.बी. चंद, खंड शिक्षा अधिकारी तारा सिंह, दिनेश कुमार, सरेश गोस्वामी, त्रिभुवन, अमित कांडपाल, रजत चौहान, भूपेश जोशी, खेल प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।


Spread the love