मुक्तेश्वर में बेलगाम निर्माण
Spread the love

मुक्तेश्वर में बेलगाम निर्माण पर आयुक्त दीपक रावत सख्त, बहुमंजिला इमारतों और रिसॉर्ट्स की होगी जांच

नैनीताल/मुक्तेश्वर, 06 मार्च 2026। विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मुक्तेश्वर में तेजी से उग रही बहुमंजिला इमारतों और रिसॉर्ट्स पर अब प्रशासन का डंडा चलने की तैयारी है। कुमाऊं आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने क्षेत्र के दौरे के दौरान बेलगाम निर्माण गतिविधियों पर गहरी नाराजगी जताते हुए पूरे मामले की जांच के सख्त निर्देश दिए हैं।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त के संज्ञान में आया कि कुछ लोग समूह बनाकर बड़े पैमाने पर बहुमंजिला भवन और रिसॉर्ट्स खड़े कर रहे हैं। इतना ही नहीं, कई मामलों में होमस्टे योजना का लाभ लेकर व्यावसायिक निर्माण किए जाने की भी आशंका सामने आई है।

दीपक रावत ने प्रथम दृष्टया इन निर्माणों को भू-कानून की भावना के खिलाफ बताते हुए कहा कि मुक्तेश्वर जैसे संवेदनशील पर्वतीय क्षेत्र में इस प्रकार की अनियोजित इमारतें गंभीर चिंता का विषय हैं। उन्होंने साफ कहा कि यहां भू-कानून के व्यापक दुरुपयोग की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

मामले की गंभीरता को देखते हुए आयुक्त ने जिलाधिकारी नैनीताल और जिला विकास प्राधिकरण (डीडीए) को निर्देश दिए कि क्षेत्र में बन रही सभी बहुमंजिला इमारतों, रिसॉर्ट्स और होमस्टे की विस्तृत जांच कर जल्द रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जांच में नियमों का उल्लंघन, अवैध निर्माण या योजनाओं के दुरुपयोग की पुष्टि होती है तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तय है। साथ ही प्रशासन को भविष्य में इस तरह के निर्माण कार्यों पर सख्त निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।

मुक्तेश्वर में बढ़ते निर्माण को लेकर अब यह साफ संकेत है कि प्रशासन की नजरें टेढ़ी हो चुकी हैं और नियमों को ताक पर रखकर निर्माण करने वालों पर जल्द कार्रवाई हो सकती है।


Spread the love

You missed