आयुक्त दीपक रावत का सख्त एक्शन
Spread the love

हल्द्वानी में खोदी सड़कों पर आयुक्त दीपक रावत का सख्त एक्शन, अधिकारियों को चेतावनी—काम नहीं तो तय होगी जिम्मेदारी

हल्द्वानी। हल्द्वानी शहर में सीवर, पेयजल और सड़क निर्माण के नाम पर महीनों से खोदी गई सड़कों को लेकर प्रशासन का सब्र आखिरकार टूट गया। मंगलवार को आयुक्त/सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने उत्तराखण्ड अर्बन सेक्टर डेवलपमेंट एजेंसी (यूयूएसडीए) और एडीबी प्रोजेक्ट से जुड़े कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया और तय समय में काम पूरा न होने पर अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई।

आयुक्त ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि यदि तय समयसीमा में सड़कें बहाल (रिस्टोर) नहीं की गईं तो संबंधित अधिकारियों और ठेकेदारों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर सड़क खुदी होने के बावजूद कोई काम चलता नहीं मिला, जिस पर आयुक्त ने गहरी नाराजगी जताई।

दीपक रावत ने एडीबी के प्रोजेक्ट मैनेजर को निर्देश दिए कि जिन मार्गों पर खुदाई का कार्य चल रहा है, उन्हें तत्काल दुरुस्त किया जाए। साथ ही उन्होंने कार्यस्थलों पर साइनेज बोर्ड न होने पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि भविष्य में हर स्थल पर बोर्ड अनिवार्य रूप से लगाया जाए, जिसमें कार्य प्रारंभ तिथि, समाप्ति तिथि और संबंधित अधिकारी का मोबाइल नंबर दर्ज हो।

निरीक्षण के दौरान पार्षदों और स्थानीय लोगों ने बताया कि कई इलाकों में सड़कें छह महीने से अधिक समय से खोदी हुई हैं, लेकिन काम शुरू तक नहीं हुआ। इस पर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए और लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों पर नियमानुसार पेनाल्टी लगाई जाए।

आयुक्त ने यह भी स्पष्ट किया कि अब परियोजना से जुड़ी बैठकें दफ्तरों में नहीं बल्कि सीधे कार्यस्थलों पर होंगी, ताकि जमीनी हकीकत सामने आ सके। साथ ही नगर निगम अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि अमरावती मुख्य मार्ग पर सड़क किनारे लगे ठेलों को तत्काल हटाया जाए, जिससे यातायात बाधित न हो और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो।

बताया गया कि वर्तमान में हल्द्वानी में सीवरेज, पेयजल और सड़क निर्माण का कार्य यूयूएसडीए द्वारा तिरूपति एजेंसी को दिया गया है, जिसने आगे 22 अन्य ठेकेदारों को कार्य सौंपा है। आयुक्त ने स्पष्ट किया कि कार्य की गुणवत्ता और समयबद्धता के लिए सभी स्तरों पर जवाबदेही तय होगी।

स्थलीय निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने हाल ही में हुई एक सड़क दुर्घटना में पीड़ित परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।

निरीक्षण के मौके पर सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल सिंह चौहान, एसपी सिटी मनोज कतियाल, ब्रिडकुल के प्रोजेक्ट मैनेजर कुलदीप सिंह, पार्षद चंदन मेहता, विनोद दानी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।


Spread the love