विधवा की जमीन हड़पने की साजिश? कर्ज चुकाने के बाद भी नहीं लौटाए कागज, आयुक्त ने दिए सख्त कार्रवाई के आदेश
हल्द्वानी। हल्द्वानी कैंप कार्यालय में शुक्रवार को आयोजित जनसुनवाई/जनता मिलन कार्यक्रम में आयुक्त एवं सचिव, मा. मुख्यमंत्री दीपक रावत ने जनता की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और कई मामलों में मौके पर ही त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। जनसुनवाई में भूमि विवाद, धोखाधड़ी, अवैध निर्माण, पारिवारिक विवाद, पेयजल, विद्युत बिल और दिव्यांग प्रमाण पत्र जैसे विभिन्न मामले सामने आए।
सबसे गंभीर मामला बाजपुर क्षेत्र की एक विधवा महिला से जुड़ा सामने आया। नसीमा पत्नी नन्हे शाह, निवासी संतोषपुर बाजपुर ने शिकायत की कि उन्होंने गांव के एक व्यक्ति से दो वर्ष के लिए ब्याज पर धनराशि ली थी और जमीन की रजिस्ट्री गिरवी रखी थी। पूरा कर्ज चुकाने के बावजूद संबंधित व्यक्ति जमीन के मूल दस्तावेज वापस नहीं कर रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए आयुक्त ने तहसीलदार बाजपुर और थाना प्रभारी बाजपुर को तत्काल महिला को जमीन के दस्तावेज वापस दिलाने और दोषी के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त, देवनाथ मिश्रा, निवासी सुल्तानपुर पट्टी बाजपुर के पेंशन संबंधी मामले का मौके पर ही निस्तारण कराया गया।
दुर्गा कोरंगा, जेल रोड हल्द्वानी द्वारा प्रस्तुत पारिवारिक विवाद के मामले में सुलह-समझौते के माध्यम से समाधान किया गया।
सुनीता सागुड़ी, लोहरियासाल ऊंचापुल ने संपत्ति बंटवारे को लेकर शिकायत दर्ज की, जिस पर तहसीलदार हल्द्वानी को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
वहीं जयश्री जोशी, मल्ला ऊंचापुल द्वारा जमीनी विवाद की शिकायत पर भी तहसीलदार को जांच कर निस्तारण करने को कहा गया।
त्रिलोचन, निवासी ओखलकांडा ने दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी न होने की शिकायत की। आयुक्त के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पात्र व्यक्ति को प्रमाण पत्र उपलब्ध कराया। शिकायतकर्ता ने आयुक्त का आभार व्यक्त किया।
राम प्रसाद, निवासी लालकुआं ने एक माह का ₹26,000 का विद्युत बिल आने की शिकायत की। मौके पर मौजूद विद्युत विभाग के अधिकारी ने बताया कि मीटर खराब होने से रीडिंग अधिक दर्ज हो गई थी। सुधार के बाद बिल ₹8,000 किया गया, जिसे उपभोक्ता ने जमा कर दिया है।
राधा बिष्ट, निवासी लामाचौड़ हल्द्वानी ने पैतृक संपत्ति में हिस्सा न दिए जाने की शिकायत दर्ज कराई, जिस पर तहसीलदार हल्द्वानी को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
वहीं आदेश कुमार टंडन, नया बाजार हल्द्वानी ने बैंक ऋण चुकाने के बावजूद बंधक भूमि मुक्त न किए जाने की शिकायत की। इस पर संबंधित बैंक प्रबंधक और तहसीलदार को शीघ्र निस्तारण के आदेश दिए गए।
आयुक्त दीपक रावत ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को त्वरित न्याय और राहत प्रदान करना है, इसलिए सभी विभाग गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करें।

