हल्दूचौड़ श्री रामलीला कमेटी के कार्यालय को लेकर विवाद गहराया – एक पक्ष ने ताला तोड़ा, दूसरे ने की पुलिस में शिकायत
लालकुआं। हल्दूचौड़ क्षेत्र में श्री रामलीला कमेटी के कार्यालय को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। बीते शनिवार को एक पक्ष द्वारा कार्यालय का ताला तोड़कर नया ताला लगाए जाने के बाद दोनों पक्षों में तनातनी की स्थिति बन गई। इस विवाद ने तब और तूल पकड़ा जब एक पक्ष ने स्थानीय कोतवाली में पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

शिकायत देने पहुंचे श्री रामलीला कमेटी हल्दूचौड़ के पदाधिकारियों का कहना है कि यह कमेटी पिछले 40 वर्षों से रामलीला का आयोजन करती आ रही है और विधिवत रूप से रजिस्टर्ड है। उन्होंने बताया कि अटल सभागार, आदर्श प्राथमिक विद्यालय परिसर में स्थित कार्यालय का ताला तोड़कर कुछ लोगों ने जबरन नया ताला लगा दिया, जिससे कार्यालय में रखे दस्तावेजों और सामान की सुरक्षा को खतरा पैदा हो गया है। पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि यह कार्य बिना किसी पूर्व सूचना या सहमति के किया गया।
कमेटी के अध्यक्ष कैलाश दुम्का, सचिव शैलेन्द्र दुम्का, संरक्षक उमेश कबड़वाल समेत अन्य सदस्यों ने बताया कि कोरोना काल में रामलीला का आयोजन रुकने के बाद कुछ युवकों ने अपने स्तर पर आयोजन शुरू किया था, लेकिन अब क्षेत्र के अधिकांश ग्रामीण चाहते हैं कि पूर्ववर्ती कमेटी ही रामलीला का आयोजन करे। इसी कारण इस वर्ष आयोजन की जिम्मेदारी फिर से पुरानी कमेटी को सौंपी गई है।
वहीं, बीते तीन वर्षों से रामलीला आयोजन कर रहे रोहित बिष्ट ने अपनी सफाई में कहा कि कोरोना काल में जब पुरानी कमेटी निष्क्रिय हो गई थी, तब ग्रामीणों के आग्रह पर उन्होंने आयोजन का जिम्मा संभाला और सफलतापूर्वक तीन वर्षों तक रामलीला का मंचन किया। उन्होंने दावा किया कि कार्यालय की चाबी उनके पास थी और उन्होंने हाल ही में किसी व्यक्ति के कहने पर चाबी सौंप भी दी थी। लेकिन जब उन्हें सुंदरकांड के आयोजन के लिए कार्यालय की आवश्यकता पड़ी और चाबी नहीं मिली, तो ग्रामीणों ने ताला तोड़कर कार्यक्रम किया और नया ताला लगा दिया। उन्होंने कहा कि कार्यालय में रखा अधिकांश सामान उनकी कमेटी द्वारा जोड़ा गया है।
इस पूरे मामले पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह फर्त्याल ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच विवाद की जानकारी मिली है। पंचायत चुनावों के बाद दोनों पक्षों को बुलाकर वार्ता के माध्यम से समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।
