चंदन हॉस्पिटल
Spread the love

हल्द्वानी के चंदन हॉस्पिटल पर शिकंजा! तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन, आरोपों की जांच शुरू

हल्द्वानी। जनपद नैनीताल के हल्द्वानी स्थित चंदन हॉस्पिटल पर गंभीर आरोपों के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। जिला मजिस्ट्रेट के निर्देशों के क्रम में अपर जिलाधिकारी विवेक राय ने जानकारी देते हुए बताया कि अस्पताल में उपचार के नाम पर अवैध वसूली, चिकित्सा में लापरवाही, आर्थिक शोषण और कुप्रबंधन की शिकायतों की जांच के लिए तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन किया गया है।

गठित समिति में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), नगर मजिस्ट्रेट तथा अपर मुख्य चिकित्साधिकारी को शामिल किया गया है। समिति अस्पताल में ली जा रही फीस, निर्धारित स्वास्थ्य मानकों के अनुपालन, मरीजों के आर्थिक व मानसिक शोषण और चिकित्सा लापरवाही के आरोपों की गहन जांच करेगी।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से की जाएगी तथा दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अपर जिलाधिकारी विवेक राय ने आमजन से भी सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में जानकारी रखने वाले संबंधित, असंबंधित या अन्य व्यक्ति प्रकाशन की तिथि से 07 दिनों के भीतर अपना मौखिक या लिखित बयान, अभिकथन अथवा उपलब्ध साक्ष्य किसी भी कार्यदिवस में गठित जांच समिति के समक्ष प्रस्तुत कर सकते हैं।

प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद शहर में चर्चा तेज हो गई है और मरीजों व उनके परिजनों को अब जांच रिपोर्ट का इंतजार है।


Spread the love