देहरादून। डाकपत्थर में नाबालिग से जबरन सिंदूर भरने का मामला, आरोपी गिरफ्तार
देहरादून। विकासनगर क्षेत्र के डाकपत्थर में रविवार रात एक युवती से जबरन सिंदूर भरने और छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़कर उसकी जमकर पिटाई कर दी और पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर पोक्सो ऐक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, डाकपत्थर क्षेत्र में एक नाबालिग युवती अपने पड़ोसी के घर ठहरी हुई थी। इसी दौरान पास में रहने वाला आकिब, निवासी बरोटीवाला, देर रात उस घर में घुस गया। आरोपी ने कथित तौर पर फिल्मी अंदाज़ में नाबालिग की मांग में जबरन सिंदूर भर दिया और उसे अपने साथ ले जाने का प्रयास करने लगा।
जब युवती ने विरोध किया, तो आरोपी ने उसके कपड़े फाड़ने और छेड़छाड़ करने की कोशिश की। युवती के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। उन्होंने आरोपी को पकड़कर उसकी पिटाई की और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। देर शाम नाबालिग की मां ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी। शिकायत में उन्होंने बताया कि आरोपी ने परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी थी।
कोतवाल विनोद गुसाईं ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ पोक्सो ऐक्ट, छेड़छाड़ और धमकी देने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को सोमवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। फिलहाल इलाके में शांति व्यवस्था बनी हुई है।
